ग्राम तरीघाट में 6 और 8 नवंबर को होगा गौरा-गौरी विवाह एवं भव्य शोभायात्रा का आयोजन

शिव-पार्वती और मां लक्ष्मी की मूर्ति स्थापना के साथ सांस्कृतिक कार्यक्रम, रात्रि में करसा परघौनी और सुबह निकलेगी भव्य शोभायात्रा

पाटन। विकासखंड पाटन के ग्राम तरीघाट में छत्तीसगढ़ की पारंपरिक लोकसंस्कृति एवं धार्मिक आस्था के प्रतीक गौरा-गौरी विवाह एवं भव्य शोभायात्रा का आयोजन 6 एवं 8 नवंबर 2026 को किया जा रहा है। शिव शक्ति गौरा गौरी समिति एवं समस्त ग्रामवासियों के तत्वावधान में आयोजित इस धार्मिक एवं सांस्कृतिक आयोजन को लेकर ग्रामीणों में खासा उत्साह है। आयोजन में आसपास के गांवों के श्रद्धालुओं एवं आम नागरिकों को सपरिवार शामिल होने का आमंत्रण दिया गया है।कार्यक्रम के प्रथम दिवस शुक्रवार 6 नवंबर को शाम 4 बजे भगवान शिव-पार्वती एवं मां लक्ष्मी की मूर्ति स्थापना की जाएगी। इसके पश्चात शाम 5 बजे ग्रामीण सुआ नृत्य एवं रंगोली प्रतियोगिता का आयोजन होगा। साथ ही एकल नृत्य एवं सामूहिक नृत्य की सांस्कृतिक प्रस्तुतियां भी आकर्षण का केंद्र रहेंगी।आयोजन के दूसरे चरण में रविवार 8 नवंबर को रात्रि 12 बजे से धुमाल की मधुर धुनों के साथ करसा परघौनी की रस्म निभाई जाएगी। इसके बाद प्रातः 4 बजे ईश्वर गौरा-गौरी की भव्य शोभायात्रा निकाली जाएगी तथा सुबह 8 बजे विधि-विधान के साथ गौरा-गौरी का विसर्जन किया जाएगा। शोभायात्रा एवं विसर्जन के दौरान मां कल्याणी धुमाल की विशेष प्रस्तुति आकर्षण का केंद्र रहेगी।कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में ग्राम पंचायत तरीघाट की सरपंच श्रीमती चन्द्रिका साहू तथा अध्यक्षता उपसरपंच प्रकाश गोस्वामी करेंगे। वहीं विशेष अतिथि के रूप में क्षेत्र के अनेक जनप्रतिनिधि एवं गणमान्य नागरिक शामिल होंगे।आयोजन को सफल बनाने में संरक्षक मंडल सहित समिति के पदाधिकारी एवं ग्रामवासी जुटे हुए हैं। कार्यक्रम के आयोजक जयप्रकाश सिन्हा, अध्यक्ष रेमन सिन्हा, उपाध्यक्ष डोमेश सिन्हा, कोषाध्यक्ष शेषनारायण सिन्हा, सचिव भोजराज सिन्हा, संयोजक प्रकाश गोस्वामी एवं सह संयोजक चन्द्रकांत निषाद सहित शिव शक्ति गौरा-गौरी समिति के सदस्यों ने क्षेत्रवासियों से अधिक से अधिक संख्या में शामिल होकर धार्मिक एवं सांस्कृतिक आयोजन को सफल बनाने की अपील की है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *