पंचायत बैठक में सचिव पर सबमर्सिबल पंप से हमला करने की कोशिश, दरवाजा बंद कर बचाई जान…सचिव संघ ने एसडीएम को सौंपा ज्ञापन

पाटन। पाटन ब्लॉक के ग्राम कुम्हली में पंचायत की बैठक के दौरान पंचायत सचिव पर जानलेवा हमला करने का मामला सामने आया है। आरोप है कि ग्राम पंचायत के पंच मोगन सपहा ने पंचायत सचिव अरुण कुमार निर्मलकर पर पंचायत भवन में रखे सबमर्सिबल पंप को उठाकर हमला करने की कोशिश की। इस दौरान सचिव ने तत्काल पंचायत भवन का दरवाजा बंद कर अपनी जान बचाई। आरोप है कि इससे नाराज पंच ने दरवाजे को भी नुकसान पहुंचाया।

मिली जानकारी के अनुसार, पंचायत की बैठक के दौरान पंचायत सचिव अरुण कुमार निर्मलकर मौजूद थे। इसी दौरान पंच मोगन सपहा के साथ विवाद होने पर उन्होंने कथित तौर पर पंचायत भवन में रखे सबमर्सिबल पंप को उठाकर सचिव पर हमला करने का प्रयास किया। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए सचिव ने खुद को कमरे में बंद कर लिया। दरवाजा बंद होने के कारण वे हमले से बच गए, लेकिन आरोप है कि पंच ने दरवाजे को भी क्षतिग्रस्त कर दिया।

घटना के बाद पंचायत सचिव अरुण कुमार निर्मलकर ने जामगांव आर थाना पहुंचकर मामले की लिखित शिकायत दर्ज कराई है।

सचिव संघ ने अधिकारियों को सौंपा ज्ञापन

घटना को लेकर पंचायत सचिव संघ पाटन ने भी नाराजगी जताई है। संघ के पदाधिकारियों ने घटना में शामिल पंच के खिलाफ उचित कानूनी कार्रवाई करने तथा पंचायत कर्मचारियों की सुरक्षा सुनिश्चित करने की मांग को लेकर एसडीएम पाटन, जनपद पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी और एसडीओपी पाटन को ज्ञापन सौंपा है।

पंचायत सचिव संघ का कहना है कि पंचायत भवन में शासकीय कार्य के दौरान कर्मचारियों के साथ इस तरह की घटना होना गंभीर विषय है। कर्मचारियों को सुरक्षित वातावरण में काम करने का अधिकार मिलना चाहिए। अब इस मामले में पुलिस जांच और प्रशासनिक कार्रवाई पर सभी की नजरें टिकी हुई हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *