दिनभर में कई बार गुल हो रही बिजली, त्योहारों के सीजन में कारोबार प्रभावित; 20 सितंबर तक व्यवस्था नहीं सुधरी तो आंदोलन
पाटन।)नगर सहित पूरे पाटन अंचल में बिजली की बिगड़ती व्यवस्था से आमजन और व्यापारी परेशान हैं। पाटन नगर में दिनभर में कई बार बिजली गुल होने से जहां घरेलू कामकाज प्रभावित हो रहा है, वहीं त्योहारों के सीजन में दुकानदारों को कारोबार में नुकसान उठाना पड़ रहा है। बिजली की इस आंख-मिचौली को लेकर पाटन नगर व्यापारी संघ ने नाराजगी जताते हुए विद्युत विभाग को आंदोलन की चेतावनी दी है।व्यापारी संघ के अध्यक्ष होरीलाल देवांगन ने कहा कि बिजली बंद होने की समस्या लगातार बढ़ती जा रही है। थोड़ी सी हवा चलने या बारिश होने पर बिजली गुल हो जाती है। इसके अलावा मेंटेनेंस के नाम पर भी बिजली कटौती की जाती है। कई बार निर्धारित समय बीत जाने के बाद भी बिजली आपूर्ति बहाल नहीं होती। इससे आम नागरिकों के साथ व्यापारी, विद्यार्थी, गृहणियां और प्रशासनिक कामकाज प्रभावित हो रहे हैं।त्योहारों के सीजन में सबसे ज्यादा परेशानीइन दिनों जन्माष्टमी, तीजा और पोला जैसे पर्वों का मौसम है। त्योहारों को लेकर व्यापारियों ने दुकानों में पर्याप्त तैयारी और स्टॉक किया है। ऐसे समय में ग्राहकी के दौरान बार-बार बिजली गुल होने से व्यापार प्रभावित हो रहा है। व्यापारियों का कहना है कि पहले से ही मंदी की मार झेल रहे कारोबारियों के लिए बिजली की अनियमितता अतिरिक्त परेशानी बन गई है।व्यापारियों ने कहा कि तीजा के अवसर पर बड़ी संख्या में बहन-बेटियां मायके आती हैं। बाजार में भी इस दौरान अच्छी ग्राहकी रहती है, लेकिन बिजली की अव्यवस्था के कारण त्योहार की रंगत फीकी पड़ रही है।
