बिजली कटने से ग्राम पंचायतों का कामकाज ठप, ग्रामीण परेशान

  • कंप्यूटर आधारित काम प्रभावित, पंचायत पहुंच रहे ग्रामीण बिना काम लौटने को मजबूर

पाटन। ग्राम पंचायत सेलूद की बिजली कनेक्शन काट दिए जाने से पंचायत का कामकाज बुरी तरह प्रभावित हो गया है। बिजली बंद होने के कारण पंचायत कार्यालय में कंप्यूटर एवं अन्य विद्युत उपकरण संचालित नहीं हो पा रहे हैं, जिससे विभिन्न शासकीय एवं पंचायत संबंधी कार्यों के लिए पहुंचने वाले ग्रामीणों को परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।

वर्तमान समय में पंचायतों के अधिकांश कार्य ऑनलाइन एवं कंप्यूटर के माध्यम से संचालित होते हैं। ऐसे में बिजली नहीं होने के कारण ग्रामीण अपने जरूरी कार्यों के लिए पंचायत कार्यालय तो पहुंच रहे हैं, लेकिन काम नहीं होने की स्थिति में उन्हें निराश होकर वापस लौटना पड़ रहा है।

बताया जा रहा है कि बिजली विभाग द्वारा पंचायत का विद्युत कनेक्शन बकाया भुगतान के चलते काटा गया है। बिजली विभाग की ओर से दी गई जानकारी के अनुसार पंचायत द्वारा अंतिम भुगतान 11 अप्रैल 2017 को किया गया था। इसके बाद बिजली बिल का भुगतान नहीं किए जाने के कारण कनेक्शन काटने का निर्णय लिया गया।

हालांकि, यह समस्या केवल ग्राम पंचायत सेलूद तक सीमित नहीं है। जानकारी के अनुसार सेलूद, बठेना,घुघुवा(क),महकाखुर्द,जमराव,जामगांव-आर सहित कई ग्राम पंचायतों के विद्युत कनेक्शन भी बकाया भुगतान के चलते काटे गए हैं। इससे ग्रामीण क्षेत्रों में पंचायत स्तर पर होने वाले रोजमर्रा के प्रशासनिक एवं ऑनलाइन कार्य प्रभावित हो रहे हैं।

ग्रामीणों का कहना है कि पंचायत कार्यालय में बिजली नहीं होने से जन्म-मृत्यु प्रमाण पत्र, विभिन्न ऑनलाइन आवेदन, दस्तावेज संबंधी कार्य सहित अन्य जरूरी सेवाओं के लिए आने वाले लोगों को परेशानी उठानी पड़ रही है। ग्रामीणों ने संबंधित विभाग से शीघ्र समाधान की मांग की है, ताकि पंचायतों में कामकाज सुचारु रूप से शुरू हो सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *