उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा ने पाटन नगर पंचायत को 20 लाख रुपए की दी ऐतिहासिक सौगात, नं.पं. अध्यक्ष निक्की ने ज्ञापित किया धन्यवाद

पाटन। नगर पंचायत पाटन के विकास एवं नागरिक सुविधाओं के विस्तार की दिशा में एक महत्वपूर्ण उपलब्धि प्राप्त हुई है। छत्तीसगढ़ के उप मुख्यमंत्री एवं दुर्ग जिला प्रभारी मंत्री विजय शर्मा द्वारा नगर पंचायत पाटन के वार्ड क्रमांक 3 स्थित शीतला मंदिर के पास सामुदायिक भवन निर्माण के लिए 20 लाख रुपए की स्वीकृति प्रदान की गई है। इस स्वीकृति से नगर के नागरिकों में हर्ष का वातावरण है एवं लंबे समय से सामुदायिक भवन की आवश्यकता महसूस कर रहे स्थानीय लोगों को बड़ी राहत मिली है।

नगर पंचायत अध्यक्ष योगेश निक्की भाले ने उप मुख्यमंत्री एवं दुर्ग जिला प्रभारी मंत्री विजय शर्मा के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि राज्य सरकार के सहयोग और मार्गदर्शन में नगर पंचायत पाटन निरंतर विकास के पथ पर अग्रसर है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री विष्णु देव साय , उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा , उप मुख्यमंत्री अरुण साव के नेतृत्व में प्रदेश में विकास कार्यों को नई गति मिली है, जिसका लाभ पाटन नगर के नागरिकों को भी लगातार प्राप्त हो रहा है। आगे उन्होंने कहा कि वार्ड क्रमांक 3 में सामुदायिक भवन की मांग लंबे समय से की जा रही थी। उप मुख्यमंत्री श्री विजय शर्मा द्वारा 20 लाख रुपए की स्वीकृति प्रदान कर नागरिकों की इस महत्वपूर्ण आवश्यकता को पूरा करने की दिशा में सार्थक पहल की गई है। इसके लिए नगर पंचायत पाटन एवं समस्त नगरवासियों की ओर से उनका हृदय से धन्यवाद ज्ञापित कर आभार व्यक्त करता हूं।

प्रस्तावित सामुदायिक भवन नगर के सामाजिक, सांस्कृतिक एवं सार्वजनिक आयोजनों का प्रमुख केंद्र बनेगा। वर्तमान में वार्ड एवं आसपास के नागरिकों को सामाजिक कार्यक्रमों, बैठकों, धार्मिक आयोजनों, महिला समूहों की गतिविधियों, युवाओं के प्रशिक्षण कार्यक्रमों तथा विभिन्न जनहितकारी आयोजनों के लिए उपयुक्त स्थान की कमी का सामना करना पड़ता है।

सामुदायिक भवन के निर्माण के बाद इन सभी गतिविधियों के लिए एक व्यवस्थित एवं सुविधायुक्त स्थान उपलब्ध होगा।नगर पंचायत अध्यक्ष भाले ने आगे कहा कि नगर पंचायत पाटन में सड़क, नाली, पेयजल, प्रकाश व्यवस्था, सामुदायिक सुविधाओं एवं जनहित से जुड़े विभिन्न विकास कार्य निरंतर हो रहा हैं। राज्य सरकार की सकारात्मक सोच एवं जनकल्याणकारी नीतियों के कारण नगर क्षेत्र में आधारभूत सुविधाओं का विस्तार हो रहा है और नागरिकों के जीवन स्तर में लगातार सुधार आ रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *