भाई के स्थान पर दूसरे व्यक्ति को खड़ा कर जमीन बेचने वाला फरार आरोपी गिरफ्तार

पाटन। थाना पाटन पुलिस ने कृषि भूमि विक्रय में धोखाधड़ी और कूटरचना के एक पुराने मामले में लंबे समय से फरार चल रहे आरोपी को गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की है।

आरोपी ने अपने सेना में पदस्थ सगे भाई के स्थान पर दूसरे व्यक्ति को प्रस्तुत कर संयुक्त स्वामित्व वाली कृषि भूमि का विक्रय कर दिया था।पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार ग्राम कुम्हली निवासी प्रार्थी ने शिकायत दर्ज कराई थी कि उसके बड़े भाई ने अपने सगे भाई, जो भारतीय सेना में कार्यरत हैं, की जगह किसी अन्य व्यक्ति को प्रस्तुत कर संयुक्त नाम की कृषि भूमि का विक्रय कर दिया। मामले की शिकायत पर थाना पाटन में वर्ष 2023 में अपराध क्रमांक 42/2023 के तहत धारा 420, 467, 468, 471, 120-बी एवं 34 भारतीय दण्ड संहिता के अंतर्गत प्रकरण दर्ज कर विवेचना शुरू की गई थी।

जांच के दौरान आरोपी की संलिप्तता प्रमाणित होने पर उसकी लगातार तलाश की जा रही थी। घटना के बाद से आरोपी फरार चल रहा था। थाना पाटन पुलिस ने सतत प्रयास और तकनीकी सूचना के आधार पर 7 जून 2026 को घेराबंदी कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तारी के बाद आरोपी को न्यायालय में प्रस्तुत कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया।पुलिस के अनुसार आरोपी ने संयुक्त स्वामित्व वाली कृषि भूमि के विक्रय के लिए वास्तविक सह-स्वामी के स्थान पर अन्य व्यक्ति को प्रस्तुत कर अवैध आर्थिक लाभ अर्जित करने का प्रयास किया था।

गिरफ्तार आरोपी की पहचान ईष्वर दास (60 वर्ष) निवासी वार्ड क्रमांक 10, साईं मंदिर रोड, महादेवघाट, थाना डीडी नगर, जिला रायपुर के रूप में हुई है। प्रकरण से संबंधित दस्तावेज एवं अन्य साक्ष्य पुलिस द्वारा विवेचना के दौरान संकलित किए गए हैं।पाटन पुलिस की इस कार्रवाई को भूमि संबंधी धोखाधड़ी के मामलों में महत्वपूर्ण सफलता माना जा रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *