डौंडीलोहारा/जनपद पंचायत डौडीलोहारा के सभागार में ब्लॉक सरपंच संघ की बैठक संपन्न हुई। बैठक के मुख्य अतिथि जिला सरपंच संघ के अध्यक्ष कांति भूषण साहू थे।
अध्यक्षता ब्लॉक सरपंच संघ की अध्यक्ष पुष्पलता बघेल ने की। सरपंचों ने अपने कार्यक्षेत्र में आ रही समस्याओं पर चर्चा की। सरपंचों ने बताया कि सुशासन तिहार शिविर घीना में क्लस्टर के सरपंचों के साथ दुर्व्यवहार किया गया। बीईओ ने सरपंचो से कहा कि आपको किसने बुलाया है यहां कोई व्यवस्था नहीं है। इसी प्रकार कई विभागों ने सरपंचों को पानी के लिए भी नहीं पूछा। सरपंचों के खिलाफ आ रहे अविश्वास प्रस्ताव पर भी चर्चा की गई। भुरकाभाट के सरपंच ने अतिक्रमण का मामला उठाया। ब्लॉक के सरपंचों ने पेयजल की स्थिति गंभीर होने तथा जल जीवन मिशन के तहत अधूरा पड़े कार्य का उल्लेख किया। सरपंच एवं सचिवों के बीच तालमेंल नहीं होने के कारण पंचायत में विवाद की स्थिति उत्पन्न हो रही है।
जिला सरपंच संघ के अध्यक्ष ने कहा कि सुशासन तिहार के शिविरों में सरपंचों को सम्मान मिले और उन्हें मंच पर स्थान भी मिलना चाहिए। जल जीवन मिशन के कार्यों की स्थिति बहुत दयनिय है। ठेकेदार काम नहीं कर रहे हैं। मिशन के काम में अधिकारी भी रुचि नहीं लेते। इस संबंध में जिला प्रशासन से बात करेंगे।
ब्लॉक अध्यक्ष पुष्पलता बघेल ने बताया कि पंचायती राज व्यवस्था में सरपंचों की भूमिका महत्वपूर्ण है। सुशासन तिहार शिविर घीना में अव्यवस्था थी। सरपंच संघ की बैठक में नीता रावटे, डोमेश्वरी यादव, निर्मला ठाकुर, एकता देशलहरे, टोमीन भोयर, कीर्ति बाई, आनंदराम रावटे, गितेश घोसले, अश्वनी खरे, दीप्ति साहू, रेनू गायकवाड उपस्थित रहे।
