घरेलू विवाद में छोटे भाई ने बड़े भाई की हत्या, आरोपी गिरफ्तार


भिलाई। दुर्ग पुलिस के थाना भिलाई नगर क्षेत्र अंतर्गत माया नगर एचएससीएल कॉलोनी में घरेलू विवाद के दौरान छोटे भाई ने बड़े भाई पर धारदार हथियार से हमला कर दिया। गंभीर रूप से घायल बड़े भाई की अस्पताल ले जाते समय मौत हो गई। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है।


पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार 10 मई 2026 को माया नगर एचएससीएल कॉलोनी, रुआबांधा सेक्टर में दो सगे भाइयों के बीच घरेलू बात को लेकर विवाद हो गया। विवाद के दौरान आरोपी मनोज यादव ने अपने बड़े भाई अशोक यादव पर घर में रखे धारदार लोहे के रापा से सिर और कनपटी पर हमला कर दिया। घटना में अशोक यादव गंभीर रूप से घायल हो गए।


घायल को पहले जिला चिकित्सालय दुर्ग ले जाया गया, जहां से बेहतर उपचार के लिए रायपुर रेफर किया गया, लेकिन अस्पताल ले जाते समय रास्ते में ही उनकी मृत्यु हो गई।


मामले में थाना भिलाई नगर में अपराध क्रमांक 249/2026 के तहत पहले धारा 109(1) बीएनएस के अंतर्गत प्रकरण दर्ज किया गया था। मृत्यु होने के बाद पुलिस ने धारा 103(1) बीएनएस जोड़ते हुए आरोपी मनोज यादव को हिरासत में लेकर पूछताछ की और बाद में विधिवत गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया।


पुलिस ने घटना में प्रयुक्त धारदार लोहे का रापा भी जप्त कर लिया है। घटना का कारण घरेलू एवं पारिवारिक विवाद बताया गया है।
दुर्ग पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि किसी भी घरेलू या आपसी विवाद की स्थिति में कानून हाथ में न लें और तत्काल पुलिस को सूचना दें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *