- विद्यार्थियों की पढ़ाई ठप, प्रशासन की अनदेखी से ग्रामीणों में आक्रोश
देवरीबंगला / तहसील मार्री देवरीबंगला अंतर्गत ग्राम भण्डेरा के शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय में शिक्षकों की अत्यधिक कमी से विद्यार्थियों की पढ़ाई गंभीर रूप से प्रभावित हो रही है। लंबे समय से रसायन, भौतिक, भूगोल, वाणिज्य, राजनीतिक शास्त्र, हिन्दी और संस्कृत जैसे महत्वपूर्ण विषयों के लिए शिक्षक उपलब्ध नहीं हैं, जिसके कारण संबंधित विषयों की कक्षाएं आरंभ ही नहीं हो पाई हैं।
ग्रामीणों द्वारा बताया गया कि इस समस्या को लेकर अब तक दो बार जिला कलेक्टर तथा दो बार जिला शिक्षा अधिकारी को ज्ञापन सौंपा गया है, किंतु अब तक शासन-प्रशासन की ओर से कोई ठोस कार्यवाही नहीं की गई है। शिक्षकों की नियुक्ति न होने के कारण विद्यार्थियों के शैक्षणिक भविष्य पर संकट मंडरा रहा है।
स्थिति की गंभीरता को देखते हुए ग्रामवासियों, छात्र-छात्राओं एवं पालको ने 23 जुलाई 2025 को विद्यालय में तालाबंदी करने तथा अर्जुन्दा मोड़ के पसौद चौक में चक्काजाम करने की चेतावनी दी है।
ग्रामवासियों का कहना है कि जब तक विद्यालय में पूर्णकालिक विषयवार शिक्षकों की नियुक्ति नहीं होती, आंदोलन जारी रहेगा। प्रशासन की चुप्पी को लेकर जनप्रतिनिधियों एवं ग्रामीण ऑन ने चिंता व्यक्त की है। तत्काल शिक्षकों की नियुक्ति की मांग की है। विद्यार्थियों की पढ़ाई पुनः सुचारू रूप से संचालित हो सके।
