रायपुर। प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी का छत्तीसगढ़ की पावन धरा में बिलासपुर मां महामाया की भूमि में नवरात्रि के प्रथम दिन आगमन हो रहा है। कर्मचारी नेता विजय कुमार झा ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से अपील की है कि मां भगवती की धरा में प्रदेश के शासकीय कर्मचारियों को समानता का संदेश देते हुए केंद्रीय कर्मचारियों के समान दो प्रतिशत महंगाई भत्ता की घोषणा कर नवरात्रि का सौगात देना चाहिए।
श्री झा ने कहा है बढ़ती महंगाई में केंद्रीय कर्मचारियों का 1 जनवरी 2025 से 2% महंगाई भत्ता में वृद्धि श्री नरेंद्र मोदी की अध्यक्षता में हुई केंद्रीय मंत्री परिषद की बैठक में घोषित किया गया है। इसके बाद अब केंद्रीय कर्मचारियों का महंगाई भत्ता 53% से बढ़कर 55% हो गया है। देय तिथि से 3 माह का एरियस भी उन्हें प्राप्त होगा। केंद्र और राज्य में बढ़ती महंगाई गैस सिलेंडर, बिजली पानी की बिक्री, खाद्यान्न के मूल्य में वृद्धि, नवरात्रि में तेल के मूल्य में वृद्धि जैसी समस्याओं से निजात दिलाने के लिए महंगाई भत्ता केंद्रीय कर्मचारियों के समान घोषित होना अनिवार्य है। श्री झा ने कहा है देश और प्रदेश का दुर्भाग्य है की महंगाई निरंतर बढ़ते जा रही है। कर्मचारी संगठन हमेशा महंगाई बढ़ने पर रोक लगाने की मांग करता है, महंगाई भत्ता की नहीं। लेकिन निरंतर महंगाई बढ़ रही है। इसलिए उसके समायोजन के लिए महंगाई भत्ता केंद्र और राज्य में समान होना चाहिए। क्योंकि छत्तीसगढ़ में बाजार एक, मूल्य एक, महंगाई एक, सभी एक है तो फिर महंगाई भत्ता में भेदभाव नहीं होना चाहिए।
श्री झा ने कहा है भेदभाव का एक और उदाहरण है कि इसके पूर्व छत्तीसगढ़ में तीन प्रतिशत महंगाई भत्ता वृद्धि की घोषणा की गई। किंतु उसे केवल शासकीय कर्मचारियों के लिए घोषित किया गया। बुजुर्ग वृद्ध पेंशनरों के लिए आज भी घोषित नहीं हुआ है। मोदी जी स्वयं बुजुर्ग वृद्ध है, इस पर भी चिंतन आवश्यक है।
