बीमाकर्मियों के संगठन का 53 वां वार्षिक अधिवेशन 15 से भिलाई में,,

रायपुर l रायपुर डिवीजन इंश्योरेंस एम्पलाईज यूनियन का 53 वां वार्षिक अधिवेशन 15 व 16 फरवरी 2025 को अग्रसेन भवन सेक्टर -6 भिलाई में आयोजित किया जा रहा है l अधिवेशन का आयोजन भिलाई शाखा क्र.2 द्वारा किया गया है l अधिवेशन स्थल का नामकरण देश के प्रख्यात वामपंथी नेता का.सीताराम येचुरी के नाम पर किया गया है l अधिवेशन का मंच संगठन के पूर्व अध्यक्ष का. अलेक्जेंडर तिर्की की स्मृति को समर्पित है l अधिवेशन हेतु गठित स्वागत समिति के अध्यक्ष भिलाई के प्रख्यात साहित्यकार रवि श्रीवास्तव है l प्रथम दिन 15 फरवरी को प्रात: 9 बजे विशाल रैली के साथ अधिवेशन का आरंभ होगा l महंगाई, बेरोजगारी, श्रम कानूनों में संशोधन , बीमा संशोधन अधिनियम तथा बीमा क्षेत्र में 100 प्रतिशत एफ डी आई के विरोध में आयोजित इस रैली में बीमाकर्मियों के साथ भिलाई के विभिन्न श्रमिक संगठन भी शामिल होंगे l प्रात: 10 बजे खुला सत्र रहेगा l इसे आल इंडिया इंश्योरेंस एम्पलाईज एसोसिएशन के महासचिव का. श्रीकांत मिश्र मुख्य अतिथि के रूप में संबोधित करेंगे l अधिवेशन में सेंट्रल जोन इंश्योरेंस एम्पलाईज एसोसिएशन के अध्यक्ष का. अजीत केतकर, महासचिव का. धर्मराज महापात्र एवं बिलासपुर डिवीजन इंश्योरेंस एम्पलाईज एसोसिएशन के महासचिव का. राजेश शर्मा विशेष अतिथि के रूप में उपस्थित रहेंगे l

15 तारीख को ही दोपहर 2 बजे से प्रतिनिधि सत्र आरंभ होगा जो अगले दिन शाम तक जारी रहेगा l आर डी आई ई यू के महासचिव का. सुरेंद्र शर्मा ने जानकारी दी है कि केन्द्र सरकार द्वारा राष्ट्रीयकृत बीमा उद्योग पर जारी हमलों के खिलाफ इस अवसर पर विशेष चर्चा होगी l विशेषकर नये बीमा संशोधन विधेयक, शत प्रतिशत एफ डी आई एवं कंपोजिट लाईसेंस जैसे प्रस्तावों के खिलाफ आम जनता के मध्य जाकर प्रचार अभियान चलाने हेतु कार्यक्रम लिये जायेंगे l

एल आई सी में तृतीय एवं चतुर्थ श्रेणी संवर्ग में तत्काल नई भर्ती आरंभ करने तथा ट्रेड यूनियन को अधिकृत मान्यता प्रदान किये जाने की माँग पर 20 फरवरी को एल आई सी में एक घंटे की बहिर्गमन हड़ताल को रायपुर मंडल में सफल बनाने पर भी चर्चा होगी l इसके साथ ही अंतर्राष्ट्रीय व राष्ट्रीय परिप्रेक्ष्य में जारी नव उदारवादी आर्थिक नीतियों के चलते मेहनतकशों के उपर जारी हमलों सहित देश ,दुनिया व प्रदेश से जुड़े प्रमुख मुद्दों पर भी चर्चा होगी l

आयोजक इकाई के द्वारा अधिवेशन की सफलता हेतु व्यापक तैयारियां जारी है l आयोजक इकाई द्वारा भिलाई व प्रदेश के प्रमुख श्रमिक व जनसंगठनों को रैली व खुला सत्र की कार्यवाही में सम्मिलित होने आमंत्रित किया गया है l

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *