पाटन. उपतहसील जामगांव आर में साहू समाज सामुदायिक भवन निर्माण के प्रस्तावित स्थल चयन का विवाद थमने का नाम नही ले रहा है ,आमसभा के बाद अब स्थानीय पंचायत प्रतिनिधियों ने गुरुवार को दुर्ग पहुंचकर ग्राम में प्रस्तावित सामुदायिक भवन स्थल चयन से संबंधित विवाद को लेकर जिलाधीश के नाम ज्ञापन सौंपा । कलेक्टर को दिए गए ज्ञापन में बताया गया है कि जामगांव आर में सांसद निधि से स्वीकृत सामुदायिक भवन निर्माण हेतु पूर्व पंचायत प्रतिनिधियों ने ग्राम हित को दरकिनार कर स्वेच्छाचारीता का परिचय देते हुए फर्जी तरीके से स्थल चयन किया था जिसके बाद गांव में उक्त प्रस्तावित निर्माण व स्थान को लेकर विवाद की स्थिति आ गई है ।वर्तमान पंचायत प्रतिनिधियों ने उक्त निर्माण के लिये अन्यत्र स्थल चयन करने ग्राम पंचायत को अधिकृत करने की मांग की है। उल्लेखनीय है कि उक्त स्थल चयन के विवाद को शांत करने जनपद सीईओ के निर्देश पर दो हफ्ते पूर्व ग्राम में सामूहिक आमसभा कराया गया था जहाँ पूर्व चयनित स्थल पर निर्माण किये जाने का निर्णय लिया गया था हालाकि सरपँच, उपसरपंच सहित कई पंचों ने उक्त बैठक का बहिष्कार कर दिया था ।
सरपंच राजकुमार ठाकुर के मुताबिक आचार संहिता के पूर्व ग्राम में साहू समाज सामुदायिक भवन के लिए जहां भूमिपूजन हुआ था वहां साप्ताहिक बाजार लगता है ऐसे में वहां निर्माण किया जाना मुनासिब नही ,इस संबंध में स्थानीय साहू समाज के पदाधिकारी अनावश्यक हस्तक्षेप कर अडंगा लगा रहे है ! ज्ञापन सौंपने वालों में सरपंच राजकुमार ठाकुर,उपसरपंच देवकी चन्द्राकर,पंचगण प्रदीप निर्मलकर ,ज्योतिष यादव,तीरथ चन्द्राकर,पुरुषोत्तम भींगज,राधेश्याम राठी,सुनील ठाकुर,सुशीला निर्मलकर,संगीता डहरे,प्रभा ठाकुर आदि शामिल थे ।
