बेमेतरा. अंकुर समाज सेवी संस्था के प्रदेश संयोजक एवं जिला पंचायत बेमेतरा सभापति राहुल योगराज टिकरिहा ने जिला कलेक्टर बेमेतरा को बोर खनन के लिए अनुमति दिलाने के नाम पर दलाल और अधिकारियों के माध्यम से किसानों से हो रहे अवैध वसूली के संबंध में अवगत कराते हुए ज्ञापन सौपा।
जिला पंचायत सभापति राहुल योगराज टिकरिहा ने बताया कि वर्तमान समय में बेमेतरा जिला के किसान भाई-बहनें पानी की सुलभता के लिए अपने घर, बाड़ी और खेत में बोर खनन का कार्य करवा रहें है। बोर खनन के लिए प्रशासन से अनुमति लेने के नाम से अनेक दलाल, बिचौलिए और अधिकारी किसानों से पैसे लेकर अनुमति दिलाने की बात कहकर पैसा ले रहे है। पैसे लेने के बाद भी किसी प्रकार की अनुमति प्रशासन से नहीं ली जा रही है। अनुमति लेने के लिए दलाल द्वारा 5 से 10 हजार रुपये साथ ही केंसिंगो और खुदाई के दरों में भी वृद्धि कर दी गई है। जिससे किसान भाइयों को 15 से 20 हजार रुपये की अतिरिक्त भार पड़ रही है।
सभापति राहुल योगराज टिकरिहा ने कलेक्टर बेमेतरा को ज्ञापन सौपते हुए निवेदन किया कि जिला में जितने भी बोर खनन के लिए गाड़ियाँ चल रही है उन सबको बोर खनन के लिए अनुमति प्रदान करें। जिससे किसान भाई-बहनों को अनुमति के नाम पर अवैध पैसे देने की आवश्यकता न पड़े। बोर खनन के लिए अनुमति के नाम पर किसानों से अवैध वसूली कर बोर खनन करने वाले जिले के सभी बोर गाड़ियों की जांच कर उन पर आवश्यक कार्यवाही करें।
