पाटन. जनपद पंचायत पाटन के ग्राम कौही के टिकरिहा दंपत्ति सरपंच मनोरमा टिकरिहा व प्रदेश सहकारिता प्रकोष्ठ उपाध्यक्ष व जनपद पंचायत पाटन के सभापति रमन टिकरिहा ने शादी की 23 वी सालगिरह पर आज मुख्यमंत्री सहायता कोष 22 हजार रुपए दिए है। उन्होंने मुख्यमंत्री राहत कोष के नाम का चेक एसडीएम पाटन विनय पोयाम को सौपा। टिकरिहा दम्पत्ति ने बताया कि प्रदेश के मुखिया भुपेश बघेल सभी वर्गों का ध्यान रख रहे है। किसानों को अभी धान खरीदी का अंतर की राशि मिलना शुरू हो गया है। उन्होंने इसके लिए भी सीएम भूपेश बघेल का किसानों के तरफ से आभार जताया है।
इस संबंध में सरपंच मनोरमा टिकरिहा ने बताया कि पूरा विश्व कोरोना वायरस के संक्रमण से परेशान है। ऐसे में हर नागरिक का यह कर्तव्य बनता है कि वह सरकार को कोरोना के खिलाफ जंग में हर संभव मदद करें। सभी लोगों की सहायता से ही हम यह जंग जीत सकते हैं। कोरोना संकट के इस दौर में हमारा छतीसगढ़ राज्य पूरी तरह से कोरोना मुक्त हो इसके लिए हम लोगो ने अपने शादी के सालगिरह पर राशि देने का निर्णय लिया है। ताकि इस राशि का उपयोग कोरोना से मुक्ति दिलाने में किया जा सके। उन्होंने कहा कि सभी लोग सरकार की सहायता में आगे आएं तथा राज्य को खुशहाल बनाएं।
