रिसाली. छत्तीसगढ़ के हृदय स्थल रायपुर में जनजनित बीमारी पिलिया के बढ़ते प्रकोप तथा दुर्ग भिलाई में डेंगू के आहट से निगम रिसाली भी चौकन्ना हो गई है। रिसाली निगम आयुक्त प्रकाश कुमार सर्वे के निर्देश पर निगम के स्वास्थ्य विभाग के कर्मचारियों द्वारा मौसमी बीमारियों की रोकथाम एवं नियंत्रण हेतु निगम के वार्ड 60 रिसाली एवं वार्ड 61 प्रगति नगर के रिहायसी क्षेत्रों में युद्ध स्तर पर घर-घर जाकर पिलिया नियंत्रण हेतु क्लोरिन टेबलेट एवं टेमिफास दवाई का वितरण किया जा रहा है तथा वार्डवासियों में जागरूकता लाने हेतु स्वास्थ्य अमला के कर्मचारियों द्वारा पिलिया से बचाव हेतु उबला हुआ एवं साफ पानी पीने हेतु प्रेरित किया गया है। वहीं डेंगू के लार्वा के पनपने की संभाव्य जगहों को साफ रखने तथा घर में रखी टायर, कुलर, फ्रीज व अन्य अनउपयोगी जगहों पर एकत्रित पानी को जमा होने से रोकने एवं साफ -सफाई करने भी जानकारी वार्ड वासियों को दी जा रही हैं तथा प्रत्येक घरों में टेमिफास की दवाई का भी वितरण किया जा रहा है।

नगर पालिक निगम आयुक्त सर्वे के निर्देश एवं जोन आयुक्त रमाकांत साहू के मार्ग दर्शन में रिसाली स्वास्थ्य अमला द्वारा प्रतिदिन रिसाली क्षेत्रांतर्गत सभी वार्डों के नालियों का वृहद स्तर पर साफ -सफाई उपरांत मैलाथियान, मलेरिया ऑयल एवं ब्लिचिंग पाउडर का छिड़काव भी किया जा रहा है तथा रात्रि में प्रतिदिन वार्डों के रहवासियों को मच्छरों से बचाव हेतु व्यापक स्तर पर फागिंग कार्य में तेजी लाने के कड़े निर्देश निगम आयुक्त सर्वे ने स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों को दिये है। रिसाली स्वास्थ्य अमला द्वारा पूर्व में सभी वार्डों में 50 हजार से अधिक क्लोरिन टेबलेट मितानिनों के सहयोग से बाटने के पश्चात् आज उल्लेखित वार्डों में 300 घरों में क्लोरिन टेबलेट का वितरण किया गया।
