कम्युनिकेशन स्किल्स फैसिलिटेट एलेबेट विषय पर कार्यशाला आयोजित

शासकीय चन्दूलाल चन्द्राकर कला एवं विज्ञान महाविद्यालय पाटन में अंग्रेजी विभाग द्वारा ‘Communication Skills: Facilitate to Elevate’ विषय पर एक कार्यशाला आयोजित की गई। इस कार्यशाला की अध्यक्षता महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ बी.एस. छावडा ने की। इस अवसर पर अपने अध्यक्षीय उद्बोधन में उन्होंने वर्तमान समय में अंग्रेजी भाषा की सार्वभौमिकता एवं उपयोगिता पर प्रकाश डालते हुए कहा कि अच्छी संप्रेषण कला हर व्यक्ति के जीवन में बहुत ही सकारात्मक प्रभाव डालती है। इस कार्यशाला के विषय विशेषज्ञ अंग्रेजी के प्रोफेसर और छत्तीसगढ़ राज्य के उच्च शिक्षा विभाग के राज्य स्तरीय गुणवत्ता आश्वासन प्रकोष्ठ के विशेष कर्तव्यस्थ अधिकारी डाॅ जी.ए. घनश्याम रहे। इस अवसर पर उन्होंने बताया कि भूमंडलीकरण के इस युग में अंग्रेजी भाषा का अपना विशेष महत्व है। उन्होंने आगे बताया कि अंग्रेजी भाषा में अच्छी संप्रेषण कला रोजगार के बहुत से अवसर उपलब्ध कराने में बहुत उपयोगी है। इस कार्यशाला में उन्होंने अंग्रेजी भाषा में अच्छी संप्रेषण कला को विकसित करने वाली विधियों और अभ्यासों की यथेष्ट जानकारी उपलब्ध करायी। उन्होंने कहा कि शब्दों के अलावा भाव-भंगिमाओं के माध्यम से भी संप्रेषण करने की कला का विकास करना आवश्यक है। उन्होंने संप्रेषण के विभिन्न माध्यमों को उदाहरण सहित समझाया। उन्होंने अंग्रेजी भाषा को सीखने के लिए सकारात्मक सोच के साथ प्रयास करने के महत्व पर प्रकाश डाला। अर्थशास्त्र विभाग के विभागाध्यक्ष श्री बी.एम. साहू ने कार्यशाला की महत्ता को रेखांकित किया। इस कार्यशाला में महाविद्यालय के विद्यार्थी बहुत बड़ी संख्या में उपस्थित रहे। इस कार्यक्रम में महाविद्यालय के अधिकारियों और कर्मचारियों ने बड़ी संख्या में भाग लिया। कार्यशाला के संचालन में डाॅ शोभा श्रीवास्तव एवं डाॅ पुष्पा मिंज ने सक्रिय रूप से योगदान दिया। कार्यक्रम का संचालन महाविद्यालय के अंग्रेजी विभाग के विभागाध्यक्ष शैलेष कुमार मिश्र ने किया। कार्यशाला के अंत में आभार प्रदर्शन अंग्रेजी विभाग की असिस्टेंट प्रोफेसर सुश्री रागिनी ने किया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *