शादी का झांसा देकर दुष्कर्म ,,युवती ने की आत्महत्या ,आरोपी युवक गिरफ्तार

बिलासपुर। सकरी थाना अंतर्गत   शादी का झांसा देकर दुष्कर्म फिर प्रेग्नेंट लड़की को आत्महत्या के लिए उकसाने का मामला सामने आया है।  धारा 306 के तहत आरोपी को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। युवक ने 17 साल की लड़की को प्यार में फंसा लिया। फिर उसके साथ दुष्कर्म किया। लड़की जब प्रेग्नेंट हुई, तब युवक ने उससे शादी करने से मना कर दिया और उससे बात करना भी बंद कर दिया, जिससे परेशान होकर लड़की ने खुद पर आग लगाकर जान दे दी थी। पूरा मामला तीन माह पहले सकरी थाना क्षेत्र का है, जिस पर जांच के बाद पुलिस ने अब कार्रवाई की है।

सकरी क्षेत्र की रहने वाली 18 वर्षीय लड़की ने बीते 20 जून को खुद पर मिट्टी तेल डालकर आग लगा ली थी। परिजनों ने उसे गंभीर हालत में सिम्स में भर्ती कराया, जहां उसकी स्थिति को देखकर डॉक्टरों ने उसे रायपुर रेफर कर दिया। पांच दिन तक उपचार के बाद लड़की की अस्पताल में मौत हो गई। इसके बाद रायपुर के गोलबाजार थाने में मर्ग कायम कर 10 अगस्त को केस को सकरी थाना भेजा गया।

दो माह की गर्भवती थी युवती, दो साल से था प्रेम संबंध
लड़की ने अस्पताल में मौत से पहले डॉक्टर को बयान दिया था, जिसमें उसने बताया कि लाखासार निवासी रितिक मानिकपुरी से दो साल से उसकी दोस्ती थी। तब वह 16 साल की थी। इस दौरान युवक ने उससे प्यार करने और शादी करने का वादा किया था। इसके बाद उसने दुष्कर्म भी किया।

लड़की दो माह की गर्भवती हो गई थी। इसकी जानकारी उसने युवक को दी, उसने शादी करने से इंकार कर दिया और उससे बातचीत भी बंद कर दी। इससे परेशान होकर उसने यह आत्महत्या कर ली। इस घटना के बाद आरोपी रितिक मानिकपुरी फरार हो गया था।

आत्महत्या के लिए उकसाने का केस दर्ज कर किया गिरफ्तार
सकरी पुलिस ने मर्ग डायरी थाना आने के बाद जांच शुरू की। जांच के दौरान लड़की के परिजनों का बयान दर्ज किया गया। लड़की की मौत के पहले बयान और परिजन के बयान के आधार पर पुलिस ने आरोपी रितिक मानिकपुरी के खिलाफ आत्महत्या के लिए उकसाने के आरोप में धारा 306 के तहत केस दर्ज कर उसे गिरफ्तार किया है।

रेप और पाक्सो एक्ट का भी मामला जुड़ेगा

थाना प्रभारी सागर पाठक ने बताया कि इस मामले में अभी जांच जारी है। प्रारंभिक जांच के बाद युवक के खिलाफ केस दर्ज कर उसे गिरफ्तार किया गया है। जांच के बाद नाबालिग लड़की से रेप करने के आरोप में दुष्कर्म और पाक्सो एक्ट के तहत भी कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *