भिलाई. एसोसिएशन आफ इंजीनियरिंग एंड पोलीटेक्निक कालेज टीचर्स (गजेटेड आफिसर्स) आफ छत्तीसगढ़ द्वारा विगत दिनों लांच किया ई लर्निंग पोर्टल ज्ञान सेतु पर तकनीकी शिक्षा के प्राध्यापको ने नोट्स एवं विडियो लेक्चर अपलोड करना शुरू कर दिया है। लॉकडाउन अवधि में इंजीनियरिंग एवं पोलीटेक्निक संस्थाओं में अध्ययनरत विद्यार्थियों की पढ़ाई बाधित न हो इसलिए एसोसिएशन के सदस्यों ने एक सकारात्मक सोच के साथ आनलाइन ई-लर्निंग हेतु नोट्स एवं विडियो लेक्चर बनाना शुरू कर दिए थे। एआईसीटीई द्वारा जारी दिशा निर्देशानुसार तकनीकी छात्रों की पढ़ाई प्रभावित न हो इसलिए छत्तीसगढ़ तकनीकी शिक्षा के अतिरिक्त संचालक डॉ एम एफ कुरैशी ने प्रदेश के तीन शासकीय इंजीनियरिंग कॉलेज एवं 32 शासकीय पोलीटेक्निक संस्थाओं में मॉनिटरिंग चालू कर दी।
प्रारंभ में तकनीकी शिक्षकों के पास आनलाइन पोर्टल नहीं होने के कारण दिक्कत आ रही थी जिसका समाधान एसोसिएशन आफ इंजीनियरिंग एंड पोलीटेक्निक कालेज टीचर्स (गजेटेड आफिसर्स) आफ छत्तीसगढ़ के द्वारा छात्र हित में ज्ञान सेतु पोर्टल एसोसिएशन के वेबसाइट https://aepct.in/
पर लांच किया जिसे शासकीय पोलीटेक्निक दुर्ग के कंप्युटर साइंस व्याख्याता श्री मनोज चंद्राकर द्वारा बनाया गया।
एसोसिएशन के अध्यक्ष श्री शंकर वराठे ने बताया कि यह ज्ञान सेतु पोर्टल इंजीनियरिंग एवं पोलीटेक्निक के छात्र छात्राओं हेतु काफी उपयोगी है अभी तक सीएसवीटीयू भिलाई के पाठ्यक्रम अनुसार 35 विषयों के नोट्स एवं विडियो लेक्चर ज्ञान सेतु पोर्टल https://aepct.in/gyansetu/noteslist पर
अपलोड हो चुके है जिसका अवलोकन कर छात्र पाठ्यक्रम को आसानी से समझ सकते हैं।
तकनीकी शिक्षा के अतिरिक्त संचालक डॉ एम एफ कुरैशी के द्वारा आनलाइन कक्षाओं की समीक्षा करते समय ज्ञान सेतु पोर्टल की तारीफ की थी।
एसोसिएशन के अध्यक्ष श्री शंकर वराठे ने बताया कि सदस्यों द्वारा छात्रों को आनलाइन ई-लर्निंग में ज्ञान सेतु पोर्टल एवं गूगल क्लास रूम का उपयोग किया जा रहा है।
गूगल क्लास रूम में शिक्षक एक क्लासरूम बनाते है जिसका एक कोड जनरेट होता है जिसे छात्र छात्राओं को दे कर क्लास रूम में ज्वांइ करवाते हैं फिर गूगल क्लास रूम में निर्धारित समय के अनुसार क्लास प्रारंभ की जाती है इसमें विडियो लेक्चर एवं नोट्स तथा एसाइनमेंट क्वेश्चन छात्रों को दिए जाते हैं । छात्र नोट्स एवं विडियो लेक्चर का अध्ययन कर एसाइनमेंट जमा करते हैं।
जबकि ज्ञान सेतु पोर्टल पर एक विषय के एक से ज्यादा विषय विशेषज्ञों के नोट्स एवं विडियो लेक्चर उपलब्ध रहते हैं जिसका अध्ययन किसी भी संस्था का छात्र कर सकता है क्योंकि जो नोट्स एवं विडियो लेक्चर अपलोड किए जाते हैं वो पूर्ण रूप से सीएसवीटीयू भिलाई के सिलेबस के आधार को ध्यान में रखते हुए सदस्यों द्वारा बनाए जाते हैं।
