रायपुर। छत्तीसगढ़ अतिथि शिक्षक विद्या मितान के कर्मचारियों ने आज गांधी जयंती के अवसर पर बूढ़ा तालाब धरना स्थल में अपनी मांगों व उनके साथ किए गए वादाखिलाफी के खिलाफ प्रदेश अध्यक्ष अंजू वर्मा एवं महासचिव धर्मेंद्र दास वैष्णव के नेतृत्व में धरना प्रदर्शन कर, रैली निकाला। आंदोलनकारियों के रैली को पुलिस द्वारा स्मार्ट सिटी कार्यालय के पास रोक दिया गया। पुलिस से झुमा झपटी के बाद आंदोलन स्थल पर विद्या मितान वापस लौटे। आम आदमी पार्टी ने विद्या मितान आंदोलन का समर्थन किया है।
आम आदमी पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष कोमल हुपेंडी ने आंदोलन का समर्थन करते हुए आप पार्टी के प्रतिनिधि के रूप में आप पार्टी के नेता विजय कुमार झा धरना स्थल पर पहुंचे तथा आंदोलन का समर्थन करते हुए सभा को संबोधित किया। श्री झा ने कहा सरकार ने विद्या मितान के साथ धोखा किया है। चुनावी घोषणापत्र में नियमितिकरण का वादा किया था, मुख्यमंत्री द्वारा आंदोलनकारियों को जूस पिलाकर आंदोलन वापसी के बाद नियमितिकरण करने के बदले बोनस अंक देने का झुनझुना पकड़ा दिया है। इससे शिक्षकों में आक्रोश है। प्रदेश में हजारों शिक्षक पद रिक्त होने के बाद भी अनुभव का महत्व नहीं रह गया है। केवल बोनस अंक देकर यह साजिश की जा रही है कि उनका चयन ना हो। आंदोलनकारियों ने संकल्प लिया है कि 2023 के विधानसभा चुनाव तक चरणबद्ध आंदोलन जारी रहेगा। शिक्षकों के मान सम्मान में धोखेबाजी को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। आंदोलनकारियों का समर्थन संयुक्त अनियमित कर्मचारी महासंघ संघ के संरक्षक गोपाल प्रसाद साहू प्रांत अध्यक्ष रवि गढ़पाले तथा भाजपा प्रवक्ता संजय श्रीवास्तव एवं श्री गौरीशंकर श्रीवास ने भी संबोधित कर समर्थन किया है।
विद्या मितान शिक्षकों के साथ सरकार ने धोखा किया-आप
