दुर्ग जिला के समीक्षा बैठक में अवैध कारोबार करने वालों की लिस्ट लेकर गृहमंत्री ताम्रध्वज साहू के पहुंचने पर दुर्ग सांसद विजय बघेल ने मुख्यमंत्री भूपेश बघेल और कांग्रेस सरकार को आड़े हाथ लेते हुए कड़ा प्रहार किया है।
सांसद विजय बघेल ने कहा कि प्रदेश में जब से कांग्रेस की सरकार आई है तब से प्रदेश में भ्रष्टाचार, गुंडागर्दी, अराजकता, तानाशाही और निरंकुशता बढ़ गयी है। मुख्यमंत्री भूपेश बघेल के गृहजिला में कानून व्यवस्था पूरी तरह चरमरा गया है। जनता परेशान है। कांग्रेस के बहुत से नेता अवैध शराब व गांजा बेचने और जुआ, सट्टा खेलाने में संलग्न है।
सांसद बघेल ने कहा कि मुख्यमंत्री भूपेश बघेल के निवास से लगभग 25 किलोमीटर के अंतर्गत, गृहमंत्री के गृहजिला और निवास से लगभग 20 किलोमीटर के घेरे में, मंत्री रुद्रगुरु के निवास के 25 किलोमीटर के घेरे में अवैध कारोबार फल फूल रहा है और गरीब परिवारों के घर को तबाह कर रहा है। ये सब कारोबार सत्ता पक्ष के संरक्षण में ही बढ़ रहा है और आधे से ज्यादा कारोबारों में कांग्रेस के नेता प्रत्यक्ष रूप से सम्मिलित है।
सांसद बघेल ने आगे कहा कि कांग्रेस सरकार हाथ में गंगाजल लेकर शराबबंदी करने का वादा कर सत्ता में आया है और सत्ता में आकर अवैध शराब बिक्री, गांजा बिक्री, नशीली दवाई बिक्री को संरक्षण प्रदान कर रहा है और घर परिवार को बर्बाद करने का काम कर रही है। शहरों में जुआ सट्टा का कारोबार बेतहाशा चल रहा है। छोटे-छोटे बच्चे और युवा आज जुआ और नशा के आघोष में समा रहे है। माताओं-बहनों की बद्दुआ कांग्रेस को लग रही है। कांग्रेस के नेताओ ने वादाखिलाफी कर माताओं-बहनों के उम्मीदों का गला घोंट दिया है।
सांसद बघेल ने कड़े शब्दों में कहा कि सरकार के पास ये लिस्ट पहले से था। हर थानेदार को पता रहता है उनके थाना क्षेत्र में होने वाले सभी अवैध कारोबार और कारोबारियों के बारे में लेकिन सत्ता के संरक्षण और अवैध वसूली के कारण कार्यवाही नहीं करते है। अब चुनाव नजदीक आ रहा है और कांग्रेस नेता एक दूसरे से आगे बढ़ने के होड़ में लग गए है, इसलिए गृहमंत्री ताम्रध्वज साहू समीक्षा बैठक में लिस्ट लेकर पहुंचे है।
प्रदेश के मुख्यमंत्री भूपेश बघेल अपने जन्मदिन मनाने में मस्त है। अधिकारी-कर्मचारियों के हड़ताल में चले जाने से प्रशासनिक व्यवस्था चरमरा गया है। पुलिस विभाग के मिलीभगत से, अवैध कारोबारी मस्त है और प्रदेश की पूरी जनता कांग्रेस के सरकार में आने से त्रस्त है।
