नई दिल्ली। एशिया कप 2022 के कार्यक्रम का ऐलान हो गया है। बीसीसीआई सचिव और एशियन क्रिकेट काउंसिल के अध्यक्ष जय शाह ने सोशल मीडिया पर पूरा शेड्यूल जारी किया है। 27 अगस्त से शुरू हो रहे इस टूर्नामेंट में भारत का पहला महामुकाबला 28 अगस्त को पाकिस्तान से होगा। इन दोनों टीमों को ग्रुप ए में रखा गया है। ग्रुप ए में कुल तीन टीमें हैं, भारत और पाकिस्तान के अलावा क्लालिफायर राउंड में जीतने वाली टीम इस ग्रुप में जगह बनाएगी। श्रीलंका, अफगानिस्तान और बांग्लादेश को ग्रुप बी में रखा गया है। इस टूर्नामेंट में 27 अगस्त से 11 सितंबर के बीच कुल 13 मैच खेले जाएंगे।
जय शाह ने कार्यक्रम को ट्वीट करते हुए लिखा, “इंतजार खत्म हुआ, एशिया की बादशाहत की जंग 27 अगस्त को शुरू होगी और इसका महत्वपूर्ण फाइनल मैच 11 सितंबर को खेला जाएगा। एशिया कप का 15वां संस्करण टी20 विश्व कप 2022 की तैयारी के लिए सबसे बेहतर मंच होगा।”
यूएई में होगा एशिया कप का आयोजन
इस बार एशिया कप का आयोजन यूएई में किया जाएगा। पहले श्रीलंका को इस टूर्नामेंट की मेजबानी मिली थी, लेकिन वहां के हालात खराब होने की वजह से अब यूएई को इस टूर्नामेंट की मेजबानी मिली है। भारत और पाकिस्तान की टीमें एक दूसरे के यहां नहीं खेलना चाहती हैं। ऐसे में यूएई के अलावा श्रीलंका और बांग्लादेश ही मेजबानी के दावेदार थे और श्रीलंका को इस टूर्नामेंट की मेजबानी दी गई थी। श्रीलंका से यह टूर्नामेंट छिनने के बाद यूएई को इसकी मेजबानी मिली है। एशिया कप इस बार टी-20 प्रारूप में खेला जाएगा। 1984 में शुरू हुआ यह टूर्नामेंट 2014 तक 50 ओवर के फॉर्मेट में खेला गया। फिर 2016 में टी-20 विश्व कप की वजह से इसे टी-20 फॉर्मेट में खेला गया था।
