धमतरी। प्रदेश में हो रही लगातार अपराध की घटनाओं को लेकर भाजपा आदिवासी नेत्री एवं जिला पंचायत सदस्य अनीता ध्रुव ने भूपेश सरकार पर हमला बोला है। उन्होंने कहा कि प्रदेश में अपराधिक घटनाएं बढ़ गई है, दुष्कर्म, छेड़छाड, लूट, हत्या, चाकूबाजी, डकैती की गंभीर घटनाएं तेजी से बढ़ रही हैं। शांति का टापू कहे जाने वाला छत्तीसगढ़ अपराध का गढ़ बनते जा रहा है। क्या यही है अपराध का गढ़बो नवा छत्तीसगढ़…। आज प्रदेश में लोग सुरक्षित नहीं हैं।
अनीता ध्रुव ने कहा कि हाल ही में प्रदेश के राजधानी रायपुर के एक्सप्रेस-वे में गार्ड की चाकू मारकर हत्या, कमल विहार में भाई-बहन से अज्ञात हमलावरों द्वारा लूटपाट की घटना, रायपुर में लूटपाट और हत्या के आंकड़े तेजी से बढ़ रहे है। इसी प्रकार जशपुर के नवाटोली में 2 लोगों की गोली मारकर हत्या, कांकेर जिले पखांजूर में डंडे से पीट-पीटकर एक की हत्या, बिलासपुर में हत्या, 4 साल के मासूम बेटे की बाप द्वारा गला दबाकर हत्या, बेमेतरा में पत्नी की हत्या कर पति जेल पहुंचा गया, कसडोल में पिता की पुत्र ने हत्या कर दी, कोरबा में नशे की हालत में पुत्र ने मां और बहन की बेरहमी से हत्या कर दी, जांजगीर में बुर्जुग बैगा की हत्या, बलौदा-बाजार में छोटे भाई की हत्या, प्रदेश का कोई भी जिला अपराध से अछूता नहीं है। उन्होंने कहा कि आज छत्तीसगढ़ को अपराधगढ़ के नाम से जाना जा रहा है। इन सबके पीछे भूपेश सरकार की कानून व्यवस्था पर नाकामी नजर आ रही है। उन्होंने कहा कि छत्तीसगढ़ प्रदेश के बाहर घटना होती है तो राहुल गांधी और प्रियंका गांधी वहां पहुंच जाते हैं। साथ में हमरे प्रदेश के मुख्यमंत्री भूपेश बघेल भी वहां जाते हैं और पीड़ित परिवार को सहायता राशि देने की घोषणा करते हैं। जब छत्तीसगढ़ में घटना होती है तो राहुल गांधी और प्रियंका वाड्रा क्यों नहीं आते? मुख्यमंत्री पीड़ितों के घर क्यों नहीं जाते? उनके अपने प्रदेश के पत्थलगांव और कर्वधा में घटना होती है तो वहां चार दिन बाद भी न मुख्यमंत्री पहुंचे और न ही सरकार का कोई मंत्री पहुंचा। छत्तीसगढ़ की जनता के साथ इस तरह का भेदभाव क्यों किया जा रहा है। उन्होंने कहाकि छत्तीसगढ़ में अराजकता का माहौल है।
अनीता ध्रुव ने शराबबंदी को लेकर भी प्रदेश सरकार पर निशाना साधा है। उन्होंने कहा कि ये सभी घटनाओं के पीछे कहीं न कहीं नशा है। नशे के कारण ही अपराध की प्रवृत्ति लगातार बढ़ते जा रही है। उन्होंने कहा कि अन्य राज्यों से लगे हुए सीमावर्ती जिलों से शासन व प्रशासन के संरक्षण में गांजा, अफीम, चरस व शराब का अवैध करोबार प्रदेश में तेजी के साथ हो रहा है, जिसके कारण राज्य में नित नए अपराध घटित हो रहे हैं। नशे का अवैध करोबार यहां पर राज्य सरकार के अवैध कमाई का बड़ा जरिया बन गया है। छत्तीसगढ़ की सरकार घटनाओं पर समीक्षा बैठक करते हैं, लेकिन परिणाम नहीं निकालते। प्रदेश में अपराधी बेखौफ हो गए हैं। पुलिस व प्रशासन का डर नहीं रह गया है।
अपराध का गढ़ बन रहा छत्तीसगढ़-अनीता ध्रुव, जिला पंचायत सदस्य ने भूपेश सरकार पर साधा निशान, राज्य सरकार का कानून व्यवस्था ठप
