खरी खोटी :- ग्राम झूमरघुचा के ग्रामीण महिला एवं बाल विकास मंत्री पर बिफरे,,,मंत्री बोली एक साल तक नहीं आऊंगी डूमरघुचा


देवरीबंगला / महिला एवं बाल विकास मंत्री एक दिवसीय जनसंपर्क कार्यक्रम के तहत ग्राम पंचायत भरनभाट के आश्रित ग्राम डूमरघुचा पहुंची। सांस्कृतिक मंच पर आयोजित कार्यक्रम के दौरान ग्रामीणों ने मंत्री को जमकर खरी-खोटी सुनाई। ग्रामीणों ने कहा कि पंचायत का आश्रित ग्राम होने के कारण मूलभूत समस्याओं के समाधान के लिए मोहताज हो गया है। हमारे पंचायत प्रतिनिधि आप तक ग्राम की मांग पहुंचाते रहे हैं। लेकिन कोई निराकरण नहीं हुआ है। भरनाभाट से डुमरघुचा पहुंच मार्ग कच्चा तथा दलदल से सराबोर है। वर्षों से डामरीकरण की मांग कर रहे हैं। गांव की गलियों भी कीचड़ से भरी पड़ी है। पक्की नाली निर्माण भी आवश्यक है। ग्रामीणों की मांग पर महिला एवं बाल विकास मंत्री अनिला भेड़िया ने कहा कि भरनाभाट से झूमरघुचा तक सड़क निर्माण का प्रस्ताव शासन को भेजा गया है। इसे प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना के तहत तीसरा फेस में शामिल किया गया है। शीघ्र ही पहुंच मार्ग बन जाएगा। मैं भी जब तक सड़क ना बन जाए गांव में एक साल तक नहीं आऊंगी। हमारी प्राथमिकता प्रत्येक गांव में विकास काम करने की है। उन्होंने तीन कार्यों की तत्काल स्वीकृति दी तथा अपने प्रतिनिधियों से भूमि पूजन भी कराया तब ग्रामीण शांत हुए। प्रतिनिधियों ने नाली निर्माण मुक्तिधाम वेद निर्माण तथा शीतला मंदिर तक सीसी रोड निर्माण का भूमि पूजन किया। महिला व बाल विकास मंत्री के साथ प्रतिनिधि अनिल लोढा, हस्तीमल सांखला, जिला पंचायत सदस्य चंद्रप्रभा सुधाकर, जनपद सदस्य संतोषी ठाकुर, जिला कांग्रेस कमेटी के महामंत्री केशव शर्मा, दुर्गा ठाकुर, गोपाल प्रजापति, प्रकाश शर्मा, जतिन भेड़िया, नेतराम भांडेकर, सरपंच रामबाई ठाकुर, गुलाब भंसाली सहित विभाग प्रमुख एवं ग्रामीण उपस्थित थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *