धमतरी। केंद्र सरकार के आठ वर्ष पूरे होने पर भाजपा आदिवासी नेत्री एवं जिला पंचायत सदस्य अनीता ध्रुव ने कहा कि जन विश्वास को आधार बनाकर, विकास, सुशासन और जन कल्याण के नए कीर्तिमान स्थापित किए गए हैं। इन आठ सफल वर्षों में भारत पूरे विश्व में एक स्वाभिमानी और मजबूत नेतृत्व वाले देश के रूप में पहचाना जा रहा है। उन्होंने कहा कि 2014 से पहले महिलाएं घर के बाहर शौच को जाती थी। उन्हें झोपड़ियों में सोते देखा जा सकता था। लोगों पर आवास नहीं थे। प्रधानमंत्री आवास योजना, घर-घर शौचालय योजना और उज्जवला योजना ने महिलाओं को मान सम्मान दिलाया है। इस बड़े बदलाव का श्रेय हमारे प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी जी के कुशल नेतृत्व और उनकी संकल्प शक्ति को जाता है। गरीबों को पक्का मकान, रसोई गैस, बिजली, हर गांव में सड़क, पक्के पुल, एलिवेटेड रोड, फोरलेन सड़क व कोरोना काल में दो वैक्सीन की ईजाद कर पूरे विश्व को लोहा मनवाने का कार्य मोदी सरकार ने किया है। उन्होंने केंद्र सरकार की आयुष्मान योजना को महत्वाकांक्षी योजना बताया। उन्होंने कहा कि नियत और नीति का परिणाम है जो सब का विकास, सबका साथ के साथ काम किया जा रहा है। कहा कि आजादी के बाद भाजपा की नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में बनी सरकार ने आठ साल में जो काम किया वो पिछले कई दशकों में नहीं हो सका।

अनीता ध्रुव ने कहा कि 8 वर्ष की यह यात्रा आत्मनिर्भर भारत की संकल्प से सिद्धि के रहे हैं। प्रधानमंत्री के नेतृत्व में भारत का आत्मविश्वास बढ़ा है। जनता के लिए हर क्षेत्र में बुनियादी सुविधाएं बढ़ी हैं। किसानों और गरीबों की आय बढ़ी है। देश मुश्किलों से उबरकर जल्द खड़ा होना सीख गया है।
भाजपा नेत्री जिला पंचायत सदस्य अनीता ध्रुव ने प्रदेश की भूपेश सरकार पर तंज कसते हुए कहा कि प्रदेश सरकार विकास कम और प्रचार ज्यादा कर रही है। तेंदूपत्ता खरीदी के लिए मानक बोरा बढ़ाने की सिर्फ बात करते हैं, वास्तव में तेंदूपत्ता संग्राहकों से इस साल इतनी कम तेंदूपत्ता की खरीदी की गई है कि संग्राहकों को किसी योजना का लाभ नहीं मिलने वाला। मुख्यमंत्री सिर्फ अपने हाईकमान को खुश करने में लगे हुए है, उन्हें प्रदेश की जनता की कोई चिन्ता ही नहीं है।
