उतई। शासकीय दानवीर तुलाराम स्नातकोत्तर महाविद्यालय उतई के एन.सी.सी. यूनिट के द्वारा छात्राओं हेतु ’कैरियर गाइडेंस’ विषय पर एक दिवसीय कार्यशाला का आयोजन किया गया। 8 सी.जी. गर्ल्स बटालियन की मेजर पी. सुरेखा राव मुख्य अतिथि एवं विशेषज्ञ वक्ता थीं। उन्होंने छात्राओं के कैरियर उन्नयन हेतु कई सुझाव एवं परामर्श देते हुए कहा कि “कोई भी कार्य छोटा नहीं होता। 18 वर्ष के उपरान्त हर लड़की को आत्मनिर्भर होना चाहिए। किसी भी छोटे कार्य से कैरियर की शुरूआत की जा सकती है। हर लड़की को लक्ष्य बनाकर उसके अनुरूप मेहनत कर लक्ष्य को हासिल करना चाहिए। आपके लक्ष्य आपकी क्षमता के अनुरूप यथार्थपरक होना चाहिए।” इस आयोजन की अध्यक्षता करते हुए महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. राजेश पांडे ने कहा कि “एन.सी.सी. कैडेट अनुशासन प्रिय और स्मार्ट होती हैं। अनुशासन और कड़ी मेहनत सफलता की कुंजी है। कैरियर के अन्य क्षेत्रों के साथ देश की सुरक्षा और सेवा का क्षेत्र भी लड़कियों के लिए खुल चुका है। एन.सी.सी. की छात्राओं को देश की सुरक्षा के क्षेत्र में प्राथमिकता दी जाती है। अतः आप इस क्षेत्र को भी कैरियर के लिए चुन सकती हैं।” इस अवसर पर मेजर पी. सुरेखा राव ने महाविद्यालय की एन.सी.सी. कैडेट लेख कुमारी यादव को सत्र 2020-21 के लिए सर्वश्रेष्ठ कैडेट चुने जाने पर पुरस्कार हेतु एक हजार रूपये का चेक एवं महाविद्यालय के प्राचार्य को एन.सी.सी. निदेशालाय की ओर से स्मृति चिह्न प्रदान किया। कार्यक्रम का सफल संचालन एन.सी.सी. ऑफिसर लेफ्टिनेंट डॉ. अनुसूईया जोगी ने किया। इस अवसर पर वरिष्ठ प्राध्यापक डॉ. शुभा शर्मा एवं एन.सी.सी. के समस्त कैडेट उपस्थित थे।
शासकीय महाविद्यालय उतई में एन.सी.सी. कैडेट के लिए एक दिवसीय कैरियर गाइडेंस कार्यशाला आयोजित
