सख्त पहरे के बाद भी दुर्ग में मेडिकल संचालक से डेढ़ लाख रुपये छीनकर भागे युवक

दुर्ग. लॉकडाउन में पुलिस के सख्त पहरे को चुनौती देते हुए दुर्ग में बाइक सवार चार युवकों ने दिनदहाड़े उठाईगिरी की घटना को अंजाम दे दिया। सोमवार को मेडिकल संचालक का पीछा करते हुए उससे लगभग डेढ़ लाख से भरा नोटों का बैग छीनकर फरार हो गए। मिली जानकारी के अनुसार घटना दुर्ग के ग्रीन चौक स्थित एचडीएफसी बैंक के समीप की है। हर्ष मेडिकल स्टोर का संचालक पैसे लेकर बैंक में जमा करने गया था। इसी दौरान वह उठाईगिरी का शिकार हो गया।

मोहन नगर थाना अंतर्गत घटित उठाईगिरी की घटना के बाद पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया। पुलिस ने नाकेबंदी करते हुए जांच शुरू कर दी है। मिली जानकारी के अनुसार मेडिकल स्टोर से पैसा जमा करने निकले युवक का पीछा करते हुए आरोपी युवक बैंक तक पहुंचे। रेकी के बाद घटना को अंजाम दिया है। पीडि़त ने बताया कि वह किसी कारण बैंक में पैसा जमा नहीं कर पाया था। नोटों से भरा बैग लेकर लौट रहा था इसी बीच बाइक सवार युवक आए और चलती गाड़ी से बैग छीनकर भाग गए।
उठाईगिरी की घटना में चार युवक शामिल थे। मिली जानकारी के अनुसार दो युवक मेडिकल स्टोर में और दो युवक पैसे जमा करने गए व्यक्ति का पीछा कर रहे थे। बाद में चारों युवक बाइक से फरार हो गए। पीडि़त ने बताया कि युवकों ने फेस मास्क पहन रखा था। इसलिए उन्हें ठीक से पहचान नहीं पाया। इधर लॉकडाउन में पुलिस की सख्त पहरेदारी के बीच हुई घटना से सुरक्षा पर सवाल उठ गए हैं। फिलहाल आरोपी पुलिस पकड़ से बाहर हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *