- सीएमएचओ डॉ सुजॉय मुखर्जी के आग्रह पर निजी स्त्री रोग विशेषज्ञ चिकित्सकों ने जिले भर के अनेक स्वास्थ्य केंद्रों में पी एम एस एम ए दिवस पर दी सेवाएं।
- 709 गर्भवती महिलाओं को मिला जांच और परामर्श का लाभ, 158 हाई रिस्क प्रेग्नेंसी चिन्हांकित। 237 को यू एस जी के लिए दिया गया सलाह।
भुवन पटेल@कवर्धा। प्रधानमंत्री सुरक्षित मातृत्व दिवस के अवसर पर आज 9 अप्रैल को जिले भर से 8 निजी व 5 शासकीय चिकित्सकों द्वारा गर्भवतियों को विशेष जांच एवं परामर्श सेवा प्रदान की गई। मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ सुजॉय मुखर्जी द्वारा उक्त सम्बन्ध में विशेष बैनर युक्त वाहन में सभी चिकित्सकों को स्वास्थ्य केंद्रों के लिए रवाना किया गया। इसके पश्चात जिले के सभी विकास खंडों में स्वयं विजिट करके लाभार्थियों से सेवाओं के सम्बंध में जानकारियां भी डॉ मुखर्जी द्वारा ली गई।

आज डॉ विमला बख्सी द्वारा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पिपरिया में , डॉ निशिका माटा द्वारा प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र पोड़ी में, डॉ चारुलता श्रीवास्तव द्वारा प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र कुंडा, डॉ प्रेमलता जांगड़े द्वारा प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र भीभौरी में, डॉ रानी संगीता जैन द्वारा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र एम सी एच विंग पंडरिया में , डॉ योगिता चन्द्रवंशी द्वारा सामुदायिक स्वाथ्य केंद्र पंडरिया में, डॉ प्रियंका सिंह परिहार द्वारा सामुदायिक स्वाथ्य केंद्र लोहारा में, डॉ श्रद्धा मिश्रा द्वारा सामुदायिक स्वाथ्य केंद्र इंदौरी में, डॉ हीना अहमद द्वारा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र झलमला में, डॉ पुष्पा खरसन द्वारा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र उड़ियाकला में , डॉ सुशीला किंडो द्वारा जिला अस्पताल कबीरधाम में, डॉ अनामिका पटेल द्वारा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र कुकदूर में व डॉ कविता जायसवाल द्वारा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र मरका में अपनी सेवाएं दी गईं।
गर्भवतियों को मिला सम्पूर्ण स्वास्थ्य जांच, परामर्श व उचित उपचार का लाभ
आज प्रधानमंत्री सुरक्षित मातृत्व अभियान दिवस के दिन निजी व शासकीय विशेषज्ञ चिकित्सकों के माध्यम से जिले भर की कुल 709 गर्भवती महिलाओं को जांच व परामर्श व उचित उपचार का लाभ मिला, जिसमें से 158 हाई रिस्क प्रेग्नेंसी चिन्हाकित किये गए हैं। सी एम एच ओ डॉ सुजॉय मुखर्जी ने बताया कि हर माह के 9 तारीख को यह अभियान संचालित है और इसका उद्देश्य है कि अधिक से अधिक गर्भवतियों को इसका लाभ मिल सके, जिससे जच्चा-बच्चा को सुरक्षित व सेहतमंद किया जा सके व मातृ एवं शिशु मृत्यु को घटाया जा सके। उन्होंने बताया कि सभी केंद्रों में चिकित्सकों के साथ-साथ लाभार्थियों के लिए शीतल हवा व पानी की पूरी व्यवस्था के साथ बैठक की व्यवस्था भी सुनिश्चित की गई है। इसके लिए जिला स्तर पर प्रचार रथ की तर्ज पर बैनर युक्त वाहन में चिकित्सकों के साथ सुपरविजन टीम के एक एक सदस्य को भेजा गया ताकि सेंटर्स में सम्पूर्ण व्यवस्थाओं की जवाबदारी सुनिश्चित की जा सके। जमीनी स्वास्थ्य कार्यकर्ताओं को पूर्व से निर्देशित करके सभी हितग्राहियों को सेंटर्स तक भेजकर विशेषज्ञ चिकित्सकों की सेवाओं का लाभ दिलवाने के लिए निर्देशित किया गया था जिसके परिणाम स्वरूप अब पी एम एस एम ए में गर्भवतियों को अधिक से अधिक सेवा मिलने लगा है। उन्होंने यह भी बताया कि चिन्हांकित हाई रिस्क प्रेग्नेंसी का प्रॉपर फॉलो अप भी टीम द्वारा लिया जाएगा।
निःशुल्क सोनोग्राफी समेत हाई रिस्क का सीजेरियन प्रसव की दी जा रही है सेवाएं
सीएमएचओ डॉ सुजॉय मुखर्जी ने बताया कि आज पी एम एस एम ए में विशेषज्ञों द्वारा 237 गर्भवतियों को यू एस जी (सोनोग्राफी) के लिए चिन्हांकित किया गया है, जिनका निःशुल्क सोनोग्राफी जिला अस्पताल समेत चिन्हांकित निजी चिकित्सालयों में मुफ्त सोनोग्राफी कराया जायेगा। इसके अलावा आज बोड़ला की एक अति संवेदनशील प्रसव प्रकरण को चिन्हाकित कर प्रसव के लिए जिला स्तर के अस्पताल पर भेजा गया और उसके निःशुल्क सीजेरियन प्रसव समेत ब्लड आदि की तत्काल व्यवस्था भी कराई गई। आज सीएमएचओ डॉ मुखर्जी के साथ डीपीएम सृष्टि शर्मा भी साथ रहीं और उन्होंने टीम को लगातार कोऑर्डिनेट करने का कार्य किया।
