उत्तर बस्तर कांकेर. विदेश यात्रा अथवा अन्य राज्य से जिला मुख्यालय कांकेर सहित जिले के अन्य शहर या ग्रामीण अंचलों में आये हुये लोगों को अपनी जानकारी तत्काल स्वास्थ्य विभाग एवं पुलिस विभाग को उपलब्ध कराने के लिए जिला प्रशासन द्वारा अपील किया गया है। कलेक्टर श्री के.एल. चौहान की अध्यक्षता एवं विधायक श्री शिशुपाल शोरी और संसदीय सलाहकार श्री राजेश तिवारी की विशेष उपस्थिति में आज जिला कार्यालय के सभाकक्ष में बैठक आयोजित की गई, जिसमें नोवल कोरोना वायरस के संक्रमण से बचाव एवं नियंत्रण के लिए कांकेर जिले में किये जा रहे विभिन्न उपायो व व्यवस्था के संबंध में पर विचार विमर्श किया गया, साथ ही अपील किया गया है कि जो भी लोग विदेश यात्रा अथवा दूसरे राज्य से कांकेर जिला आये है, वे अपनी जानकारी तत्काल स्वास्थ्य विभाग एवं पुलिस विभाग को दें। समीक्षा के दौरान बताया गया कि मॉडल कालेज में कोविड-19 अस्पताल बनाया गया है, जिसमें विभिन्न चिकित्सा उपकरण लगाये जा रहे है।
बैठक में पुलिस अधीक्षक एम.आर अहीरे, जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी डॉ. संजय कन्नौजे, वनमण्डलाधिकारी कांकेर अरविंद पी.एम. पूर्व भानुप्रतापपुर वनमण्डलाधिकारी आर.सी दुग्गा, पश्चिम भानुप्रतापपुर आर.सी मेश्राम, अपर कलेक्टर एम.आर चेलक सहित जिला स्तरीय अधिकारी उपस्थित थे।
