नियमितीकरण सहित दो सूत्रीय मांग को लेकर मनरेगाकर्मी हड़ताल पर..सरपंच संघ अध्यक्ष एवं सचिव संघ ने किया मांगों का समर्थन

लोकेश्वर सिन्हा@गरियाबंद। छत्तीसगढ़ मनरेगा कर्मचारी महासंघ के बैनरतले जिले के मनरेगा कर्मचारी दो सूत्रीय मांगों को लेकर सोमवार से अनिश्चितकालीन हड़ताल पर चले गए हैं। हड़ताल में मनरेगा के तहत कार्य कर रहे सभी कर्मचारी एवं अधिकारी शामिल हैं, जिनकी नियमितीकरण सहित दो सूत्रीय मांग है। जिला मुख्यालय के गांधी मैदान में मनरेगाकर्मी अपनी मांगों को लेकर धरना प्रदर्शन कर रहे हैं। मंगलवार को गरियाबंद ब्लाक के सरपंच संघ अध्यक्ष मनीष ध्रुव एवं सरपंच भूपेंद्र ध्रुव धरनास्थल पर पहुंचकर मनरेगाकर्मियों की मांगों का समर्थन किया है। इसके साथ ही सचिव संघ ने भी अपना समर्थन दिया है। बताया गया कि इस बार ग्राम स्तर पर कार्यरत रोजगार सहायक से लेकर तकनीकी सहायक, प्रोग्रामर ऑफिसर, सहायक प्रोग्रामर, सहायक परियोजना अधिकारी सहित मनरेगा कर्मचारी हड़ताल पर हैं। मनरेगा कर्मचारियों की मांग है कि चुनावी जन घोषणा पत्र को आत्मसात करते हुए समस्त मनरेगा कर्मियों का नियमितीकरण किया जाए, नियमितीकरण की प्रक्रिया पूर्ण होने तक ग्राम रोजगार सहायकों का वेतनमान निर्धारण कर समस्त मनरेगा कर्मियों पर सिविल सेवा नियम 1966 के साथ पंचायत कर्मी नियमावली लागू किया जाए। हड़ताली मनरेगा कर्मचारियों ने बताया कि विगत दिनों मांगों को लेकर सांकेतिक रूप से धरना दिया गया था। जिसके बाद मांगों पर किसी तरह की पहल नहीं होने पर छत्तीसगढ़ मनरेगा कर्मचारी महासंघ के प्रांतीय आव्हान पर 4 मार्च सोमवार से समस्त मनरेगाकर्मी अनिश्चितकालीन हड़ताल में हैं। उन्होंने कहा कि कांग्रेस सरकार चुनावी जनघोषणा पत्र में जो वायदे किए थे, उन्हें पूरा करे। इस दौरान मनरेगा कर्मचारी बड़ी संख्या में धरना प्रदर्शन में शामिल होकर अपनी मांगों को लेकर जमकर नारेबाजी किये।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *