अगासदिया कोदूराम वर्मा सम्मान 2022 कलाकार व चिकित्सक डॉ अजय सहाय को प्रदान किया गया

विक्रम शाह@कुम्हारी । प्रख्यात कलाकार एवं शब्दभेदी बाण चलाने वाले विश्व के अकेले साधक के गांव भिंभोरी में गुरुवार को प्रसिद्ध सिने कलाकार एवं चिकित्सक डॉ अजय सहाय को इस वर्ष का प्रतिष्ठित कोदूराम वर्मा अगासदिया सम्मान प्रदान किया गया । सम्मान के इस अवसर पर साहित्यकार एवं अगासदिया के अध्यक्ष डॉ परदेशी राम वर्मा ने कहा कि कोदूराम वर्मा जन्मजात कलाकार, गृहस्थ, संत एवं विश्व प्रसिद्ध धनुर्धारी थे । वे छत्तीसगढ़ के ऐसे गौरवशाली व्यक्तित्व थे जिनसे पीढ़ियां प्रेरित होंगी । उनके नाम पर छत्तीसगढ़ शासन ने तीरंदाजी अकादमी का नामकरण कर इतिहास बनाया है । प्रतिवर्ष दिया जाने वाला अगासदिया सम्मान इस वर्ष प्रसिद्ध कलाकार एवं चिकित्सक डॉ अजय सहाय को प्रदान किया गया । डॉ अजय सहाय स्वयं एक बहुआयामी व्यक्तित्व के धनी हैं, डॉक्टर सहाय ने आदिवासी क्षेत्र में गांव-गांव जाकर नि:शुल्क चिकित्सा सेवा प्रदान किया है । इस अवसर पर बोलते हुए डॉ अजय सहाय ने कहा कि यह प्रतिष्ठित अगासदिया सम्मान मेरे लिए सेवा की एक नई प्रेरणा है, मैं सभी के उम्मीदों पर सदैव खरा उतर सकूं यही प्रयास रहेगा । इस समारोह में डॉ सहाय का परिचय कलाकार महेश वर्मा ने दिया । राजगीत गायन कलाकार राजेंद्र साहू ने प्रस्तुत किया । इसके अतिरिक्त मनहरण साहू, राजेंद्र बघेल तथा सुखराम वर्मा विशेष अतिथि के रूप में मंचस्थ थे । कोदूराम वर्मा के पुत्र सालिकराम वर्मा ने बाण चालन कर पिता की परंपरा को नमन किया । उनके छोटे पुत्र बबला वर्मा तथा बुलाकी वर्मा सहित परिवारजनों ने अतिथियों का स्वागत किया कार्यक्रम में कवि सम्मेलन विशेष आकर्षण का केंद्र रहा । कमलेश वर्मा के संचालन में प्रसिद्ध कवि चोवाराम बादल, राम ह्रदय वर्मा, संतोष परगनिहा एवं रामाधार नायक ने अपनी सरस कविताओं का पाठ किया । कार्यक्रम का संचालन महेश वर्मा ने एवं आभार राजेंद्र साहू ने व्यक्त किया ।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *