उत्तर बस्तर कांकेर. नोवल कोरोना वायरस के रोकथाम एवं बचाव के लिए दूसरे देश अथवा प्रदेश से आये व्यक्तियों को 28 दिन होम क्वारेंटीन में रहने के लिए निर्देशित किया गया है, जिनके स्वास्थ्य एवं लक्षणों के संबंध में प्रतिदिन जानकारी उपलब्ध कराने के लिए कलेक्टर के.एल. चौहान द्वारा निर्देशित किया गया है।
कलेक्टर श्री चौहान की अध्यक्षता में जिला स्तरीय कोर कमेटी की बैठक सिविल सर्जन सह अस्पताल अधीक्षक के कार्यालय में आज आयोजित की गई, जिसमे बताया गया कि 2383 व्यक्ति होम आइसोलेशन में रखे गये हैं तथा उनकी नियमित रूप से मानिटरिंग की जा रही है। कलेक्टर ने लॉकडाउन की स्थिति में जिले में खाद्य पदार्थो की उपलब्धता, राहत शिविरों में भोजन, आवास की व्यवस्था, अत्यावश्यक वस्तुओं का परिवहन इत्यादि की समीक्षा करते हुए व्यवस्था बनाये रखने के लिए अधिकारियों को निर्देशित किया। बैठक में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कीर्तन राठौर, मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. जे.एल. उईके, सिविल सर्जन डॉ. सी.एस. ठाकुर, डॉ. डी.के रामटेके, उपायुक्त आदिवासी विकास विभाग विवेक दलेला, डिप्टी कलेक्टर डॉ. कल्पना ध्रुव, जिला शिक्षा अधिकारी राकेश पाण्डे, डीपीएम डॉ. निशा मौर्य सहित जिला चिकित्सालय के स्टॉफ मौजूद थे।
