उत्तर बस्तर कांकेर. आदर्श कन्या महाविद्यालय में 100 बिस्तर कोविड-19 की अस्पताल की व्यवस्था की जा रही है, जिसमें चिकित्सा संबंधी सभी उपकरण एवं अन्य संसाधन मुहैय्या कराया जाएगा। अस्पताल में सर्वसुविधा युक्त 10 बिस्तर आईसीयू वार्ड, पुरूष वार्ड, महिला वार्ड इत्यादि की व्यवस्था रहेगी। कलेक्टर के.एल. चौहान ने आज स्वास्थ्य एवं लोक निर्माण विभाग के अधिकारियों के साथ उक्त स्थल का निरीक्षण विद्युत आपूर्ति सुनिश्चित करने के लिए तत्काल ट्रांसफार्मर स्थापित करने के लिए विद्युत विभाग के अधिकारियों को निर्देश दिये। कलेक्टर श्री चौहान ने नव निर्मित भवन के प्रत्येक कक्ष सहित चिकित्सा स्टॉफ के लिए कन्या एवं बालक छात्रावास का भी अवलोकन किया तथा कोविड-19 अस्पताल एवं छात्रावासों में समूचित व्यवस्था सुनिश्चित करने हेतु स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों को निर्देश दिये।
निरीक्षण के दौरान मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. जे.एल. उईके, सिविल सर्जन डॉ. आर.सी ठाकुर, लोक निर्माण विभाग के कार्यपालन अभियंता डी.के. मेश्राम, डिप्टी कलेक्टर उत्तम पंचारी एवं डॉ. कल्पना ध्रुव, डीपीएम डॉ. निशा मौर्य तथा लोक निर्माण विभाग के अनुविभागीय अधिकारी के. विग्नेश कुमार भी मौजूद थे।
