विशेष पिछड़ी जनजाति विशेष शिविर में पहुंचे कलेक्टर और एस.पी,,ग्रामीणों से चौपाल लगाकर की बातचीत,,योजनाओं का लाभ लेने दी समझाईश

लोकेश्वर सिन्हा

गरियाबंद जिले में विशेष पिछड़ी जनजातियों को शासन की कल्याणकारी योजनाओं की जानकारी देने विशेष शिविर लगाए जा रहे हैं। गरियाबंद, फिंगेश्वर, छुरा, मैनपुर विकासखंडों में इस तरह की शिविर कलेक्टर नम्रता गांधी के मार्गदर्शन में लगाकर मौके पर पात्र हितग्राहियों को लाभान्वित किया जा रहा है। गरियाबंद विकासखंड अंतर्गत ग्राम मौहाभाठा में कलेक्टर नम्रता गांधी एवं पुलिस अधीक्षक जे.आर. ठाकुर स्वयं शिविर में पहुंचे। उन्होंने शिविर में ग्रामीणों से चौपाल लगाकर आत्मीय बातचीत की। अधिकारियों ने ग्रामीणों के रहन-सहन, खानपान रीति-रिवाज और परंपराओं के संबंध में जानकारी ली साथ ही योजनाओं की जानकारी लेने समझाइश दी। कलेक्टर और एसपी ने ग्रामीणों के साथ जमीन में बैठकर चर्चा करते हुए कहा कि राजीव गांधी किसान न्याय योजना अंतर्गत कोदो कुटकी ,मढ़िया आदि की फसल लगाएं और लाभ पाए। उन्होंने कहा कि धान फसल के स्थान पर परम्परागत फसल का उत्पादन भी करें और आय अर्जित करें। उन्होंने मौके पर लोगों को आयुष्मान कार्ड बनाने के लिए आग्रह किया। शिविर में कलेक्टर ने स्कूली छात्रों से बातचीत करते हुए उन्हें उच्च शिक्षा के लिए प्रोत्साहित किया। उन्होंने कहा कि अच्छी शिक्षा से ही अच्छा भविष्य बनाया जा सकता है। इस मौके पर कलेक्टर ने छात्रों को मोहल्ला क्लास के प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि छात्र और गांव के पढ़े लिखे युवा यदि ठान ले तो शिक्षको की कमी को पूरा किया जा सकता है। छात्र मोहल्ला क्लास के माध्यम से बच्चों को शिक्षित करने के लिए सहमत हुए। उन्होंने सभी स्टालों पर लिए आवेदनों की जानकारी ली और अधिकारियों को प्राप्त आवेदनों के निराकरण के निर्देश दिए। इसके अलावा इस क्षेत्र में जो छूटे हुए हितग्राही हैं उनका भी सूची बनाकर निराकरण करने के निर्देश दिए हैं। शिविर में स्वास्थ्य शिविर, आयुष्मान कार्ड, राशन कार्ड, कृषि ,पशुधन, उद्यानिकी एवं अन्य विभागों के शिविर लगाए गए हैं। इस अवसर पर मौहाभाठा ग्राम को 502 हेक्टेयर क्षेत्र का सामुदायिक वन संसाधन अधिकार पत्र सौंपा। ग्रामीण युवाओं को खेल सामग्री भी प्रदान किया गया। इस मौके पर समाज प्रमुख ग्वाल सिंह सोरी, शोभाराम, रामभरोसा, गुन्तुराम, सहित अनुविभागीय अधिकारी, सहायक आयुक्त, तहसीलदार, जनपद सीईओ एवं संबंधित विभागों के अधिकारी एवं ग्रामीणजन मौजूद थे ।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *