दुर्ग। जीजाबाई महिला मंडल भिलाई नगर द्वारा 19 फरवरी 2022 दिन शनिवार को शिवाजी जयंती समारोह मनाया गया। इस कार्यक्रम में मुख्य अतिथि श्रीमती सुनीता गव्हाड़े रायपुर से पधारी थी एवं विशिष्ट अतिथि के रूप में पार्षद श्रीमती मालती ठाकुर एवं श्रीमती मीनाक्षी चंद्राकर भी उपस्थित रहे। जीजाबाई महिला मंडल के महिला सदस्यों के द्वारा रैली निकाली गई थी जिसमें सभी महिलाओं ने बढ़ चढ़कर हिस्सा लिया एवं यह रैली बहुत रोमांचित रही। कार्यक्रम की शुरुआत में दीप प्रज्वलन किया गया एवं श्री गणेशजी, जीजाबाई माता एवं श्रीमंत छत्रपति शिवाजी महाराज की फोटो पर माल्यार्पण कर दीप प्रज्वलन किया गया एवं शिवराया शिवाजी की स्वरचित आरती डाॅ विभा वाघमारे के द्वारा प्रस्तुत की गई। मुख्य अतिथियों का स्वागत सत्कार जीजाबाई माता के स्मृति चिन्ह प्रदाय कर किया गया। अध्यक्षा श्रीमती सोनाली देशमुख के द्वारा स्वागत उद्बोधन एवं शिवाजी के जीवन पर प्रकाश डाला गया।

इस अवसर पर महिला रक्षा टीम भिलाई, जिला दुर्ग की मैडम तिर्की एवं मैडम संगीता अपनी टीम के साथ उपस्थित थे एवं उन्होंने महिलाओं की रक्षा के बारे में विशेष तौर पर जानकारी दी। उन्होंने अभिव्यक्ति नामक एप को डाउनलोड करवाया जिसके द्वारा प्रत्येक महिला अपनी सुरक्षा के बारे में सचेत रहे।जीजाबाई महिला मंडल की संस्थापक श्रीमती शशि पारखे जी का सम्मान कर उन्हें पौधे एवं स्मृति चिन्ह प्रदान किए गए। श्रीमती शशि पारखे जी ने शिवाजी जयंती पर अपने विचार व्यक्त करते हुए जीजाबाई माता एवं शिवाजी के बलिदान एवं वीरता के बारे में बताया। वरिष्ठ सदस्य श्रीमती मंगला भराड़े जी ने जीजाबाई माता के दिए गए संस्कारों पर विशेष रूप से प्रकाश डालकर शिवाजी के सद्गुणों के बारे में बताया। श्रीमती सुनीता गावंडे के द्वारा शिवाजी के जीवन पर भाषण प्रस्तुत किया गया। श्रीमती कविता दाते एवं श्रीमती सुनीता खांडवे ने शिवाजी पर वीर रस की कविता प्रस्तुत की। सांस्कृतिक कार्यक्रमों की श्रृंखला में एक से बढ़कर एक प्रस्तुति दी गई जिसमें योगिता सोनारे, वर्षा सोनारे, नेहल फाटे, आकांक्षा वाघमारे, अपेक्षा वाघमारे ने अत्यंत ही सुंदर नृत्य की प्रस्तुति दी। मंडल की महिला सदस्यों के द्वारा शिवाजी महाराज के जीवन वृतांत पर सारगर्भित व मनमोहक नृत्य नाटिका की प्रस्तुति दी गई । कार्यक्रम के अंत में श्रीमंत शिवाजी महाराज के संस्कारों को अपनाते हुए सामाजिक दायित्व को निभाने की प्रेरणा मिलती है इस तरह बताते हुए सचिव श्रीमती लीना वराठे के द्वारा सभी उपस्थित अतिथियों एवं सदस्यों का आभार व्यक्त किया एवं धन्यवाद दिया गया।
