लोकेश्वर सिन्हा
गरियाबंद— कलेक्टर नम्रता गांधी ने आज आयोजित जनचौपाल में जिले के ग्रामीण एवं शहरी क्षेत्रों से पहुंचे 58 नागरिकों की समस्या सुनी। जनचौपाल में जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी रोक्तिमा यादव, संयुक्त कलेक्टर ऋषा ठाकुर एवं जिला अधिकारी मौजूद थे। जन चौपाल में आज ग्राम कोपरा के ग्रामीणों ने चारागाह में चारा लगाने के लिए आरक्षित जमीन का उपयोग करने के लिए आवेदन दिया। ग्राम विकास एवं कृषि समिति के सदस्यों ने कहा कि जिस उद्देश्य से जगह का चयन किया गया है वह पूरा हो। इसी तरह गांव रजनकट्टा के कृष्णा निषाद ने राशनकार्ड में 35 किलो चावल के स्थान पर 10 किलो चावल मिलने की शिकायत की। गरियाबंद वार्ड क्रमांक 10,11,12 के रहवासियों ने पिछली बरसात में मकान क्षतिग्रस्त होने संबंधी मिले मुआवजा को अपर्याप्त बताते हुए उचित मुआवजा की मांग की है। कलेक्टर ने जनचौपाल में न्यायालयीन प्रकरणों को सक्षम न्यायालय में प्रस्तुत करने की समझाईश आवेदकों को दिये है।
वही ग्राम मजरकट्टा के गोवर्धन बंजारे ने अपने 0.09 हेक्टेयर जमीन बाढ़ नियंत्रण तटबंध में डूबने की बात कही और उचित मुआवजे की मांग की। ग्राम बोरियाझर छुरा के यशवंत दीवान ने फौती नामांतरण दर्ज होने के पश्चात भी और प्रकरण अधूरा होने की शिकायत की है। ग्राम तालेसर छुरा के ग्रामीणों ने ट्री-गार्ड मजदूरी का भुगतान अविलंब करने आवेदन दिया। गरियाबंद में कुम्हार समाज के लिए जगह आरक्षित करने के लिए कुंभकार समाज के सदस्यों ने कलेक्टर को आवेदन दिया जिस पर उचित कार्रवाई करने का भरोसा दिलाया गया है। मजरकट्टा के खिलेश्वरी बंजारे ने राशन कार्ड में नाम दर्ज कराने आवेदन दिया। ग्राम दांतबाय कला के ग्रामीणों ने पेयजल व्यवस्था को सुदृढ़ करने एवं पिछले 4 माह से नल जल योजना बंद होने की शिकायत की। रानी लक्ष्मीबाई आत्मरक्षा प्रशिक्षण केंद्र हेतु जिले के स्थानीय प्रशिक्षकों को अवसर देने के लिए कलेक्टर से मांग की है। जिस पर कलेक्टर ने संबंधित विभागों को समय-सीमा में आवश्यक कार्रवाई कर निराकरण के निर्देश दिए है।
