पूर्व मंत्री राजेश मूणत गिरफ्तार, पुलिस को कहा अपशब्द, मूणत ने जारी किया वीडियो कहा- हमें बेरहमी से पीटा

रायपुर। पूर्व मंत्री एवं भाजपा प्रदेश प्रवक्ता राजेश मूणत की गिरफ्तारी का मामला अब तूल पकड़ने लगा है। पुलिस कहना है कि पूर्व मंत्री ने 15 साल राज की बात करते हुए अपशब्दों का प्रयोग किया। वहीं भाजपा ने इसे कांग्रेस सरकार की गुंडागर्दी बताई है।

 दरअसल मामले की शुरुआत कांग्रेसियों द्वारा केंद्रीय नागरिक उड्डयन मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया को काला झंडा दिखाने से हुई थी। इसी बात पर कांग्रेस-भाजपा के कार्यकर्ताओं में झुमाझटकी भी हुई। जिसे शांत कराने पुलिस और भाजपा के वरिष्ठ नेता पहुंचे थे। 

 पूर्व मंत्री और भाजपा प्रदेश प्रवक्ता भी समझाईश देने पहुंचे, हालांकि वे कांग्रेस की हरकत से खासे नाराज भी दिखे। एक वायरल वीडियो में श्री मूणत ने वहां उपस्थित पुलिस को भी कहा कि जिन पर सुरक्षा की जिम्मेदारी है, वे ही पार्टी बन जाएं तो क्या होगा। पुलिस की ओर से जवाब आया हम कोई पार्टी नही हैं। बस श्री मूणत और बिफर गए।

पूर्व मंत्री ने गुस्से में जो गालियाँ दी उसे लिख पाना संभव नही है वे बोले- ” तो इन मा… की हिम्मत कैसे हुई यहां आकर झंडा दिखाने की। पुलिस ने कहा कोई झंडा नही दिखाया सर।  इतना सुनते ही वे आवेश में आकर बेरिकेट लांघ कर पुलिस की ओर बढ़े। उनके पीछे के कार्यकर्ताओं ने भी तेज आवाज लगाना शुरू कर दिया।

 घंटे भर चली इस गहमागहमी के बाद नेता तो चले गए। लेकिन पुलिस ने राजेश मूणत को हिरासत में ले लिया। उन्हें विधानसभा थाना लाया गया। जहां से श्री मूणत ने वीडियो बनाकरमारपीट करने का आरोप लगाया। वीडियो वायरल होते ही भाजपा कार्यकता थाना के बाहर नारेबाजी करते रहे। 
 वहीं जानकारी मिलते ही पूर्व मुख्यमंत्री और भाजपा राष्ट्रीय उपाध्यक्ष रमन सिंह, विधायक बृजमोहन अग्रवाल भी थाना पहुंचे। उन्होंने कहा कि पुलिस और कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने जो बदतमीजी की है उसे बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। हमने संबंधित अधिकारियों, लोगों के खिलाफ कार्रवाई के लिए लिखित शिकायत की है। उच्चाधिकारियों से बातचीत भी हो रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *