India vs England U19 Cricket World Cup Final:
भारत ने अंडर-19 विश्व कप के फाइनल में इंग्लैंड को चार विकेट से हरा दिया और पांचवीं बार खिताब अपने नाम किया। इससे पहले टीम इंडिया 2000, 2008, 2012 और 2018 में विश्व कप जीत चुकी है। वहीं, 2006, 2016 और 2020 में भारतीय टीम को फाइनल में हार का सामना करना पड़ा था। टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करते हुए इंग्लैंड की टीम 44.5 ओवर में 189 रन पर ऑलआउट हो गई।
भारत और इंग्लैंड के बीच आईसीसी अंडर 19 विश्व कप 2022 का फाइनल मैच एंटीगा के नोर्थ साउंड के सर विवियन रिचर्ड्स स्टेडियम में खेला गया। भारत ने इंग्लैंड को इस मैच में 4 विकेट से हराकर अंडर 19 विश्व कप का खिताब अपने नाम कर लिया। ये भारत का पांचवां U19 वर्ल्ड कप टाइटल है। भारत ने 189 रन पर इंग्लैंड को समेट दिया था और फिर 4 विकेट शेष रहते 190 रन का लक्ष्य 47.5 ओवर में हासिल कर लिया था।
भारत के खिलाफ इंग्लैंड की टीम के कप्तान टॉम प्रेस्ट ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने का फैसला किया। इंग्लिश कैप्टन का ये फैसला सही साबित नहीं हुआ, क्योंकि इंग्लैंड की आधी टीम 13 ओवर में पवेलियन लौट गई। हालांकि, टीम ने बीच के कुछ ओवरों में सधी बल्लेबाजी की। बावजूद इसके टीम 44.5 ओवर में 189 रन बनाकर ढेर हो गई। भारत को मैच और खिताब जीतने के लिए 190 रन बनाने थे।
भारत के लिए निशांत सिंधु और शेक रशीद ने अर्धशतक जड़े और इसी के दम पर भारत की टीम ने 190 रन का लक्ष्य 47.5 ओवर में 6 विकेट खोकर हासिल कर लिया और मैच 4 विकेट से जीत लिया। इंग्लैंड के लिए जोशुआ बायडन, जेम्स सेल्स और थॉमस एसपिनवॉल ने 2-2 विकेट चटकाकर मैच में जान डाली, लेकिन भारतीय बल्लेबाजों ने धैर्य के साथ काम लिया और मुकाबला खत्म करने के साथ ही दम लिया।
यश धुल भी भारत को अंडर-19 विश्व कप दिलाने वाले कप्तानों की खास लिस्ट में शामिल हो गए। उनसे पहले मोहम्मद कैफ (2000), विराट कोहली (2008), उन्मुक्त चंद (2012) और पृथ्वी शॉ (2018) की कप्तानी में भारत ने विश्व कप जीता था। इसके अलावा रविकांत शुक्ला (2006), ईशान किशन (2016) और प्रियम गर्ग (2020) की कप्तानी में भारतीय टीम फाइनल में हार गई थी।
भारतीय टीम रिकॉर्ड आठवीं बार फाइनल में पहुंची थी। अंडर-19 में कोई भी टीम इतनी बार विश्व कप के फाइनल में नहीं पहुंच पाई है। वहीं, यह टीम इंडिया का रिकॉर्ड लगातार चौथा फाइनल मैच भी था। भारतीय टीम के नाम सबसे ज्यादा पांच विश्व कप जीतने का रिकॉर्ड भी है। उसके बाद ऑस्ट्रेलिया ने तीन बार यह खिताब जीता है। भारतीय टीम इस साल विश्व कप में शानदार फॉर्म में थी। टीम ने टूर्नामेंट में ग्रुप स्टेज से लेकर अब तक अपने सभी मैच जीते।
