छुरा :- धमतरी हाउसिंग बोर्ड कॉलोनी उद्यान में नगर वासियों के उत्तम स्वास्थ्य हेतु नियमित एवं नि:शुल्क योग कक्षा का शुरूआत किया गया। ज्ञानेश शर्मा, छत्तीसगढ़ योग आयोग अध्यक्ष (कैबिनेट मंत्री का दर्जा प्राप्त) के मुख्य आतिथ्य, विजय देवांगन, महापौर नगर निगम धमतरी के अध्यक्षता और पीएस एल्मा जिलाधीश धमतरी, श्रीमती सुशीला तिवारी पार्षद, श्रीमती गीतांजलि महिलांग पार्षद, श्री सुधीर गुप्ता अध्यक्ष हाउसिंग बोर्ड कॉलोनी, श्रीमती स्वाति बल्लाल महिला अध्यक्ष हाउसिंग बोर्ड कॉलोनी के विशेष विशेष आतिथ्य में नियमित योग वाटिका का शुभारंभ हुआ। अतिथियों द्वारा वीणापाणी मां शारदे, मां भारती और आरोग्य के देवता धनवंतरी को गुलाल, अक्षत, पुष्प अर्पित कर दीप प्रज्वलन किया गया। पश्चात योग की अमृत धारा प्रवाहित करने के लिए विशेष तौर पर आमंत्रित अर्जुन धनंजय सिन्हा, जिलाध्यक्ष छत्तीसगढ़ योग शिक्षक महासंघ द्वारा मनोरंजक अंदाज में सूक्ष्मता और पूर्ण दक्षता के साथ योग की बारीकियां सिखाई गई। योगविद अर्जुन धनंजय सिन्हा, योगाचार्य राधेश्याम साहू, योगाचार्य एम.के.सिन्हा, घनेन्द्र सिन्हा, डॉली सिन्हा, तोमेश्वर सिन्हा और बाल योगी ऋषभ तिवारी द्वारा उद्गीथ प्राणायाम, प्रणव प्राणायाम, ध्यान, मंत्रोच्चारण, सूक्ष्म व्यायाम, सर्वांगीण सहज व्यायाम, ताड़ासन, तिर्यक ताड़ासन, कटिचक्रासन, तिर्यक कटिचक्रासन, कोणासन, द्विकोणासन, त्रिकोणासन, ध्रुव आसन, वृक्षासन, सिंहासन, हास्यासन सहित विभिन्न आसन एवं प्राणायाम का अभ्यास कराया गया। योगाचार्यों के द्वारा अति जटिल आसन, एक्रो योगा एवं एडवांस पावर योगा का प्रदर्शन अतिथियों के सम्मुख किया गया। छत्तीसगढ़ योग आयोग अध्यक्ष ज्ञानेश शर्मा ने कहा कि योग ऋषि मुनियों की अनमोल विरासत है। यह प्राचीन वैज्ञानिक विद्या है। योग को जन-जन तक पहुंचाने के लिए छत्तीसगढ़ योग आयोग दृढ़ संकल्पित है। प्रत्येक व्यक्ति योग को नियमित दिनचर्या में शामिल करें। ज्ञानेश शर्मा ने अपने ओजस्वी उद्बोधन में छत्तीसगढ़ योग शिक्षक महासंघ जिलाध्यक्ष अर्जुन धनंजय सिन्हा की जमकर तारीफ की। उन्होंने विशेष तौर से कहा कि इतनी कड़ाके भरी ठंड में गरियाबंद जिला के विभिन्न गांवों में जा जाकर योग एवं आरोग्य शिविर आयोजित कर योग को घर-घर तक पहुंचाने के प्रयास के लिए अर्जुन धनंजय सिन्हा की जितनी प्रशंसा की जाए कम है। सिन्हा द्वारा चलाये जा रहे कोविड टीकाकरण जनजागरूकता अभियान के माध्यम से जन कल्याण परमार्थ के कार्यों की भी सराहना किये। महापौर विजय देवांगन ने नगर वासियों को निरोग रहने हेतु योग को जीवन का अभिन्न अंग बनाने के लिए प्रेरित किया। श्रीमती सुशीला तिवारी, श्रीमती गीतांजलि महिलांग, सुधीर गुप्ता, श्रीमती स्वाति बल्लाल द्वारा भी ओजस्वी उद्बोधन के द्वारा नियमित योगाभ्यास के लिए लोगों को जागरुक किया गया। योग एवं आयुर्वेद चिकित्सक तथा छत्तीसगढ़ योग शिक्षक महासंघ धमतरी जिलाध्यक्ष डॉक्टर दिनेश कुमार नाथ द्वारा अपनी पत्नी स्वर्गीय डॉक्टर चित्रा नाग की स्मृति में यह अभूतपूर्व आयोजन किया गया था। उपस्थित सभी योग साधकों को डॉक्टर नाग द्वारा रोग प्रतिरोधक क्षमतावर्धक आयुष काढ़ा पिलाया गया। अतिथियों ने योग, प्राकृतिक चिकित्सा द्वारा जनमानस की सेवा के लिए डॉक्टर दिनेश कुमार नाग एवं उनके चिकित्सालय की प्रशंसा किये। नियमित योग वाटिका शुभारंभ के अवसर पर टी.आर. सिन्हा, खिलेश्वर, बलराम, प्रवीण, भूपेंद्र, नंदकुमार, संजय, ऋतिक, अजय, सागर, हेमंत, श्रीमती दानेश्वरी सिन्हा सहित बड़ी संख्या में नगर वासियों ने योगाभ्यास का लाभ लिया।

