मतगणना के दूसरे दिन धरने पर बैठकर अपनी नाकामियों को छिपाने का प्रयास कर रहे सांसद और पूर्व मंत्री

दुर्ग। प्रदेश कॉंग्रेस कमेटी के महामंत्री राजेन्द्र साहू ने कहा है कि निकाय चुनाव की मतगणना के दौरान गड़बड़ी का आरोप लगाकर धरने पर बैठकर भाजपा सांसद विजय बघेल और पूर्व मंत्री प्रेम प्रकाश पांडेय अपनी नाकामियों को छुपाने का प्रयास कर रहे हैं। हर चुनाव में लगातार मिल रही पराजय को भाजपा नेता सहन नहीं कर पा रहे हैं। बौखलाहट में ऊलजलूल आरोप लगाने का काम किया जा रहा है। प्रदेश की जनता इस बौखलाहट को अच्छी तरह समझ रही है।
राजेन्द्र ने कहा कि निर्वाचन प्रक्रिया के दौरान पूरी पारदर्शिता अपनाई गई। किसी तरह की शिकायत होने पर तत्काल निराकरण किया गया। नतीजे घोषित होने के दूसरे दिन धरने पर बैठने का कोई औचित्य नहीं है, यह भाजपा नेताओं को भी पता है।
राजेन्द्र ने कहा कि भाजपा की जनविरोधी नीतियों के कारण ही भाजपा लगातार रसातल में जा रही है। झूठे आरोप लगाने की बजाय भाजपा को अपने वादों पर खरे उतरने की दिशा में काम करना चाहिए। हरेक नागरिक के खाते में 15 लाख रुपए, महँगाई कम करने, हर साल दो करोड़ लोगों को रोजगार, किसानों की आय दोगुनी करने के वादों को पूरा करने की बजाय भाजपा देश की जनता को अभी भी गुमराह करने का काम कर रही है। छत्तीसगढ़ की भूपेश सरकार ने अपने जनहितैषी कार्यों से जनता का विश्वास जीता है। इसी विश्वास के बूते अगले विधानसभा चुनाव में भी कॉंग्रेस अभूतपूर्व विजय हासिल करेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *