✍? रिपोर्टर विक्रम कुमार नागेश गरियाबंद
गरियाबंद। जिले के जवाहर नवोदय विद्यालय का पांडुका में निर्माणाधीन भवन को यदि अगले महीने तक पूर्ण कर स्कूल प्रबंधन को नही सौपा गया तो इसका खामियाजा यहां पढ़ने वाले 10 वी कक्षा के 40 बच्चों को भुगतना पड़ सकता है। ऐसी स्थिति में उच्च प्रबंधन द्वारा स्कूल के विषयवार शिक्षकों का वेतनमान रोक दिया जायेगा और यहां 10वी में अध्ययनरत बच्चों को अगली क्लास में दाखिला के लिए प्रदेश के अन्य जिले के स्कूलों में शिफ्ट कर दिया जाएगा। हाल ही में आयोजित पालक शिक्षक समिति की बैठक में स्कूल के प्राचार्य ने यह जानकारी साझा की है।
पालकों ने प्रेस वार्तालाप पर न्यूज़ 24 कैरेट संवाददाता को बताया कि हाल ही में जवाहर नवोदय विद्यालय के पालक शिक्षक समिति की बैठक राजिम में सम्पन्न हुई थी। जिसमे प्राचार्य ने उनसे यह जानकारी साझा की है। प्राचार्य द्वारा उन्हें बताया गया कि स्कूल भवन की खुद की बिल्डिंग समय सीमा में कम्प्लीट नही होने के कारण उच्च प्रबंधन यह निर्णय लेने पर बाध्य है। प्राचार्य की बात से पालक सकते में आ गए है।
प्राचार्य के साथ चिंतित पालकों के एक प्रतिनिधिमंडल ने कलेक्टर से मुलाकात की और समस्या के समाधान की गुहार लगाई। कलेक्टर निलेशकुमार क्षीरसागर ने आवश्यक कार्यवाही का भरोसा दिलाया है।
फिलहाल जिले का जवाहर नवोदय विद्यालय राजिम में अस्थाई तौर पर संचालित है। जहां जिले के बच्चे अच्छी शिक्षा ग्रहण कर रहे है। स्कूल के लिए पांडुका में जगह और राशि आबंटित कर दी गयी है। ठेकेदार द्वारा इस साल अक्टूबर तक भवन निर्माण पूर्ण कर स्कूल प्रबंधन को सौंपना था मगर निर्माण कार्य अधूरा होने के कारण अब तक भवन स्कूल प्रबंधन को नही सौपा गया।
