शासकीय अभियांत्रिकी महाविद्यालय रायपुर में सात दिवसीय इंडक्शन प्रोग्राम का शानदार दूसरा दिन सम्पन्न

रायपुर। शासकीय अभियांत्रिकी महाविद्यालय, रायपुर के तत्वावधान में सात दिवसीय इंडक्शन प्रोग्राम का आयोजन किया जा रहा है, जिसमें आज दूसरे दिन के कार्यक्रम के प्रथम चरण की शुरुआत विषय-विशेषज्ञ गोपा वृंदा पाला दासा जो कि, अक्षय पत्र फाउंडेशन के उपाध्यक्ष एवं हरे कृष्णा मूवमेंट के उपाध्यक्ष के अभिनंदन से हुआ। उन्होंने अपने व्याख्यान में इंटेलीजेंट कोशेंट, इमोशनल कोशेंट एवं स्पिरिचुअल कोशेंट विषय पर अपने विचार साझा करते हुए कहा कि, ये तीनों एलिमेंट्स का हमारे जीवन में होना बेहद ज़रूरी और अपेक्षित है और इसकी तारतम्यता से जीवन में उपजे हर तरह की परिस्थितियों को आसानी से और बेहतर तरीके से समझा और सुलझाया जा सकता है । आगे उन्होंने बताया कि, जीवन में नैतिक मूल्यों का होना और स्पिरिचुअल मूल्यों से इसकी सम्बद्धता से एक सामाजिक चरित्र का निर्माण कर सामाजिक उद्देश्यों को पूरा किया जा सकता है । इसके लिये आप सभी छात्रों को हमेशा प्रयासरत रहना चाहिए, ताकि हम समाज, राज्य, और देश को विश्व-पटल पर सर्वोच्च स्थान पर ले जा सकें । कार्यक्रम के द्वितीय चरण में, शासकीय अभियांत्रिकी महाविद्यालय रायपुर के राष्ट्रीय सेवा योजना यूनिट के छात्रों द्वारा इंटरैक्टिव सेशन में उन्होंने NSS के बारे में नवांगतुकों को संक्षिप्त जानकारी देते हुए अवगत कराया कि, इसकी अवधारणाएँ क्या हैं, उद्देश्य क्या है, और किस तरह से यह आपको व्यैक्तिक और अकैडमिक जीवन मे सफलता के लिए प्रेरित करता है । राष्ट्रीय सेवा योजना के कार्यक्रम अधिकारी श्री प्रशांत कुमार साहू, सहा. प्राध्यापक, रसायन शास्त्र विभाग ने इस सेशन का सार बताते हुए कहा कि, जब मुझे यह कार्यभार मिला तो मुझे यह एक ड्यूटी सा प्रतीत हो रहा था, मगर जैसे-जैसे समय बीतता गया और मैं इस काम को करने लगा तो NSS के विचार, सामाजिक सरोकार तथा कार्यशैली ने मेरे अंदर भी बहुत ही बड़ा बदलाव लाया फिर मेरा मन इसे काम से ज़िम्मेदारी और फिर सामाजिक ज़िम्मेदारी की तरह लेना शुरू किया और विगत तीन वर्षों से सीखना, सिखाना, इसका संचालन और क्रियान्वयन सुचारू रूप से अनवरत चल रहा है और भविष्य में हम और भी बेहतर होने की अपेक्षा रखते हैं| विदित हो कि, यह कार्यक्रम डॉ. आर. एस. परिहार, प्राचार्य, शासकीय अभियांत्रिकी महाविद्यालय, रायपुर एवं कार्यक्रम के समन्वयक और विभागाध्यक्ष बेसिक साइंसेज़, डॉ. विकास कुमार जैन के निर्देशन और अपार सहयोग से सफलतापूर्वक आयोजित कराया जा रहा है | कल, इस कार्यक्रम के तीसरे दिन भी विषय-विशेषज्ञों द्वारा छात्र-छात्राओं का ज्ञानवर्धन किया जायेगा और साथ ही नवागंतुक छात्रों हेतु सांस्कृतिक एवं अन्य गतिविधियों का आयोजन किया जायेगा जिसके तहत उन्हें अपने ललित-कलाओं को प्रदर्शित कर अपने व्यक्तित्व के इस पहलू को मंचित करने का सुअवसर प्राप्त होगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *