दुर्ग। जम्मू के उधमपुर से चलकर छत्तीसगढ़ के दुर्ग जा रही उधमपुर-दुर्ग (20848) सुपरफास्ट ट्रेन में आग लग गई। एसी कोच के टॉयलेट से उठी चिंगारी ने दो एसी डिब्बों को जलाकर खाक कर दिया। ट्रेन में सवार यात्रियों मंे भगदड़ मच गई। लोग बोगी के शीशे फोड़कर बाहर कूद गए। गनीमत यह रही कि इस हादसे में किसी भी तरह की जनहानि नहीं हुई। यात्रियों का सामान डिब्बों के साथ जलकर खाक हो गया। मुरैना के हेतमपुर रेलवे स्टेशन पर शुक्रवार की दोपहर सवा 3 बजे यह हादसा हुआ है।
इसमें सवार दुर्ग जिले के यात्रियों के कुशलक्षेम जानने जिला प्रशासन के अधिकारियों ने मुरैना जिला प्रशासन तथा रेलवे के अधिकारियों से संपर्क किया। कलेक्टर डॉ सर्वेश्वर नरेंद्र भुरे ने बताया कि इसमे सवार दुर्ग जिले के सभी यात्री सुरक्षित हैं।
डिब्बे में खाली थे आग बुझाने वाले सिलिंडर, इसीलिए इतनी आग भड़क गई :
घटना के प्रत्यक्षदर्शी और एसी ए-1 कोच में यात्रियों के टिकट चेक कर रहे टीटी वीरेन्द्र कुमार ने बताया कि ए-1 व ए-2 कोच को जोड़ने वाले हिस्से में बने टॉयलेट में बिजली का शॉर्ट सर्किट हुआ। इसके बाद टॉयलेट से धुआं उठा। हमने डिब्बों में रखे आग बुझाने वाले सिलिंडर इकट्ठा किए, लेकिन किसी भी सिलिंडर में गैस ही नहीं निकली। यह सिलिंडर पूरी तरह खाली थे। अगर सिलिंडरों में आग बुझाने वाली गैस होती तो, टॉयलेट में ही आग को बुझा देते। करीब 15 मिनट तक डिब्बे में लगी आग के साथ ट्रेन चलती रही, चेन पुलिंग करके उसे रोका। ए-1 कोच में 30 सवारी और ए-2 कोच में 47 सवारियां थीं। कोई यात्री हताहत नहीं हुआ है, हां यात्रियों का सामान जरूर जल गया है। ग्रामीणों ने मदद करके कई लोगों को निकाला।
