फसल मुआवजा की मांग कर भाजपा सांसद कोरी बयानबाजी न करें : किसानों का हित चाहते हैं तो केंद्र से दिलाएं मुआवजा : उसना चावल खरीदने और बारदाने उपलब्ध कराने पीएम को पत्र भी लिखें–राजेंद्र साहू

  • प्रदेश के सभी भाजपा सांसद बताएं कि प्रधानमंत्री से किसानों की उपज का समर्थन मूल्य बढ़ाने की मांग कितने बार की ?

दुर्ग। प्रदेश कांग्रेस कमेटी के महामंत्री राजेंद्र साहू ने सांसद विजय बघेल को नसीहत देते हुए कहा है कि बेमौसम बारिश से किसानों की फसल को हुए नुकसान का मुआवजा देने की मांग कर किसानों के हितैषी होने का दिखावा न करें। अगर वे किसानों के हितैषी होने का दावा कर रहे हैं तो केंद्र सरकार से फसल नुकसान का मुआवजा क्यों नहीं दिलाते। किसानों की उपज का न्यूनतम समर्थन मूल्य बढ़ाने की मांग प्रधानमंत्री से क्यों नहीं करते?
राजेंद्र ने कहा कि सांसद विजय बघेल बयानबाजी करने की बजाय छत्तीसगढ़ में धान खरीदी के लिए ज्यादा से ज्यादा बारदानों की सप्लाई सुनिश्चित करने के लिए भी प्रधानमंत्री को पत्र लिखें। राज्य में बेमौसम बारिश से कई किसानों की फसल को नुकसान हुआ है। मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने सभी कलेक्टरों को नुकसान का तत्काल सर्वे करने के निर्देश दे दिये हैं। सर्वे का काम भी शुरू हो चुका है।
अगर भाजपा सांसद विजय बघेल सही मायने में किसानों का हित चाहते हैं तो प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री रमन सिंह, नेता प्रतिपक्ष धरमलाल कौशिक और प्रदेश भाजपा अध्यक्ष विष्णु देव साय और सभी भाजपा सांसदों को साथ लेकर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से मिलें। किसानों के हित में न्यूनतम समर्थन मूल्य बढ़ाने, फसल बीमा राशि का तत्काल भुगतान कराने, छत्तीसगढ़ में बारदानों की सप्लाई, छत्तीसगढ़ के किसानों से उसना चावल खरीदी करने जैसी सभी मांगें करें।
राजेंद्र ने कहा कि मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने तीन वर्ष के कार्यकाल में ही किसानों के हित में कई बड़े फैसले करते हुए देश में किसान हित का सबसे बड़ा उदाहरण पेश किया है। छत्तीसगढ़ सरकार ने किसानों की कर्जमाफी, राजीव गांधी किसान न्याय योजना के जरिये 9 हजार रुपए प्रति एकड़ की दर से किसानों को भुगतान, किसानों से गोबर खरीदी, भूमिहीन किसानों को हर साल 6 हजार रुपए की आर्थिक सहायता, समर्थन मूल्य पर 52 वनोपज की खरीदी, फलदार पौधे रोपण की योजना, समर्थन मूल्य पर गन्ना खरीदने सहित कई घोषणाएं कर किसानों को आर्थिक रूप से समृद्ध करने का काम किया है।
राज्य के भाजपा सांसदों को बताना चाहिए कि केंद्र की मोदी सरकार ने आज तक किसानों के लिए क्या किया है। यह भी बताएं कि प्रदेश के भाजपा सांसदों ने किसानों के हित के लिए प्रधानमंत्री को कितनी बार चिट्ठी लिखी। कितनी बार किसानों की उपज का मूल्य बढ़ाने की मांग केंद्र सरकार से की गई।
मोदी सरकार ने बिहार, यूपी, गुजरात जैसे राज्यों में विशेष पैकेज दिया है। भाजपा सांसद विजय बघेल को केंद्र सरकार से छत्तीसगढ़ को राहत पैकेज दिलाने की मुहिम भी छेड़ना चाहिए। उन्हें अपनी मुहिम में प्रदेश के सांसदों और डॉ. रमन सिंह के साथ विष्णु देव साय और धरमलाल कौशिक को भी जोड़ना चाहिए। ताकि यहां के किसानों का भला हो सके।
राजेंद्र ने कहा कि 2014 और 2019 के चुनाव में किसानों ने भाजपा को वोट दिया लेकिन भाजपा ने आज तक किसानों के साथ छल के सिवा कुछ नहीं किया। कृषि कानून थोपने के साथ ही किसानों के साथ किये गए अत्याचार को पूरे देश ने देखा है। उसना चावल न खरीदकर मोदी सरकार छत्तीसगढ़ के किसानों के साथ भी अत्याचार कर रही है। किसानों के वोट से केंद्र में सरकार बनाने के बाद मोदी सरकार ने किसानों का अब तक कितना और क्या भला किया है? बेहतर होगा कि भाजपा सांसद किसानों के कल्याण के लिए कोरी बयानबाजी करना छोड़ कुछ ठोस पहल करें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *