मंडियां खुलने से अब किसान बेच सकेंगे अपनी उपज क्षेत्र के किसानों ने पूर्व विधायक का जताया आभार

लोकेश्वर सिन्हा

गरियाबंद। राजिम विधानसभा के पूर्व विधायक संतोष उपाध्याय ने पिछले दिनों किसानों की समस्याओं को लेकर प्रदेश के कृषि मंत्री रविन्द्र चौबे को पत्र व्यवहार करते हुए दूरभाष पर चर्चा कर मंडी खोलने की मांग की थी। कृषि मंत्री श्री चौबे ने उन्हें इस समस्या का जल्द ही समाधान किए जाने का आश्वासन दिया था।
जानकारी के अनुसार शासन के निर्देश के तहत जिला प्रशासन ने लॉकडाउन में जनसुविधाओं को ध्यान में रखते हुए राहतों के साथ ढील दी है, जिसके बाद अब रबी फसलों की बिक्री एवं खरीदी के लिए कृषि मंडियों को खोलने की अनुमति दे दी गई है।
मालूम हो कि वर्तमान में ग्रीष्मकालीन धान की कटाई शुरू हो गई है। क्षेत्र के किसान धान मिंजाई कार्य मे जूटे हुए हैं। वहीं अधिकांश किसान अपने उपज को बेचने के इंतजार में थे, लेकिन जिले में लॉकडाउन लगे होने के चलते नहीं बेच पा रहे थे। किसानों की इन समस्याओं को लेकर राजिम के पूर्व विधायक ने पहल करते हुए कृषि मंत्री रविन्द्र चौबे से पत्र व्यवहार एवं दूरभाष से चर्चा कर मंडी खोले जाने की मांग की थी।
कलेक्टर द्वारा जिले में 31 मई की सुबह 6 बजे तक सम्पूर्ण क्षेत्र को कंटेन्मेंट जोन घोषित किया गया है। इस बीच जनसुविधाओं को ध्यान में रखते हुए रियायतों के साथ छूट दी गई है। वर्तमान में ग्रीष्मकालीन धान की कटाई आरंभ हो गई है। रबी फसलों की बिक्री एवं खरीदी के लिए कृषि मंडियों को सुबह 6 से दोपहर दो बजे तक खोलने की अनुमति दी गई है। जिला प्रशासन के इस आदेश के बाद किसानों के चेहरे खिल उठे हैं। मंडियां खुलने से अब किसान अपनी उपज बेच सकते हैं।
राजिम के पूर्व विधायक संतोष उपाध्याय ने किसानों की समस्याओं को लेकर पहल करते हुए मंडियां खोलने की मांग की थी। जिसके बाद मंडी खोलने की अनुमति भी दे दी गई है। क्षेत्र के किसानों ने पूर्व विधायक श्री उपाध्याय का इस समस्या के समाधान किए जाने पर आभार जताया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *