दुर्ग। जहां एक ओर कोरोनावायरस की दूसरी लहर अपने पैर पसार रहा है और लोगों को हताहत कर रहा है। दूसरी ओर तकनीकी शिक्षा के छात्रों को कोरोना टीकाकरण जागरूकता अभियान के तहत, कोरोनावायरस के संक्रमण से बचाव के उपाय पर प्रशिक्षित किया जाएगा।
छत्तीसगढ़ इंजीनियरिंग एवं पॉलिटेक्निक कॉलेज राजपत्रित अधिकारी संघ के प्रांताध्यक्ष शंकर वराठे ने बताया कि, देश दुनिया में जिस प्रकार कोरोना अपने पैर पसार रहा है। उसे रोकने के लिए एसोसिएशन के संयोजक, मोनिका दास, कुंदन साहू, देवसिंह साहू और कुंदन कुमार साहू संभागवार तकनीकी शिक्षा के छात्रों को आनलाइन वेबिनार के माध्यम से जागरूक करने योजना बना रहे हैं।
प्रांताध्यक्ष शंकर वराठे ने आगे बताया कि एसोसिएशन में शासकीय पॉलिटेक्निक एवं इंजीनियरिंग में कार्यरत शिक्षक सदस्य हैं। जिनके सहयोग से संभागवार पोलीटेक्निक संस्थाओं का चयन कर उनमें अध्ययनरत विद्यार्थियों को आनलाइन वेबिनार के माध्यम से कोरोनावायरस से बचाव एवं टीकाकरण जागरूकता अभियान के तहत प्रशिक्षित किया जाएगा। आनलाइन वेबिनार में, केन्द्र सरकार एवं राज्य सरकार द्वारा जारी कोरोनावायरस से संबंधित गाइडलाइन एवं टीकाकरण अभियान के बारे में बताया जाएगा। छात्रों के शंका समाधान हेतु, कोरोनावायरस की जानकारी रखने वाले विशेषज्ञों को बुला कर व्याख्यान कराया जाएगा।
प्रदेश में कुल 32 शासकीय पॉलिटेक्निक एवं तीन शासकीय इंजीनियरिंग में लगभग बीस हजार छात्र अध्ययनरत हैं। छात्रों को जागरूक करने से वे अपने परिवार को एवं गांव के लोगों को जागरूक करेंगे। वेबिनार में शासन द्वारा जारी कोरोनावायरस से बचाव संबंधित गाइडलाइन, टीकाकरण जागरूकता अभियान एवं पंजीयन हेतु आरोग्य एप एवं आनलाइन पंजीयन तथा विशेषज्ञ के व्याख्यान कराये जाएंगे।
कोरोना से लड़ने, तकनीकी शिक्षा के छात्रों को किया जाएगा सजग- प्रांताध्यक्ष शंकर वराठे
