- 27 नवंबर से 1 दिसंबर तक पांच दिवसीय संगीतमय श्रीराम कथा, राजस्थान के मकराना के संगमरमर से निर्मित श्रीहनुमान मंदिर में होगी प्राण प्रतिष्ठा
पाटन। ग्राम परसापानी (नगरी) में श्रीहनुमान मंदिर प्राण प्रतिष्ठा महोत्सव एवं पांच दिवसीय संगीतमय श्रीराम कथा का भव्य आयोजन 27 नवंबर से 1 दिसंबर 2026 तक किया जा रहा है। इस धार्मिक आयोजन में सुप्रसिद्ध कथावाचक पूज्य श्री राजन जी महाराज के श्रीमुख से श्रद्धालुओं को संगीतमय श्रीराम कथा का रसपान करने का अवसर मिलेगा।
आयोजन के अनुसार भगवान परशुराम की तपोभूमि ग्राम पटसापानी, राजस्थान के मकराना से निर्मित संगमरमर से भव्य श्रीहनुमान मंदिर का निर्माण कराया गया है। इसी मंदिर में प्राण प्रतिष्ठा महोत्सव के अवसर पर धार्मिक एवं आध्यात्मिक कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं।
श्रीराम कथा प्रतिदिन दोपहर 2 बजे से प्रारंभ होगी। इस अवसर पर वैदिक प्राण प्रतिष्ठा के अधिष्ठाता आचार्य परम पूज्य रामरोही मिश्रा जी, सूत्रधार (मथुरा) भी विशेष रूप से उपस्थित रहेंगे।
श्रीहनुमान जी सेवा समिति एवं समस्त ग्रामवासी परसापानी (नगरी) के तत्वावधान में आयोजित इस महोत्सव को लेकर श्रद्धालुओं में उत्साह का माहौल है। आयोजन समिति ने क्षेत्र के धर्मप्रेमी नागरिकों एवं श्रद्धालुओं से अधिक से अधिक संख्या में उपस्थित होकर श्रीराम कथा का श्रवण करने तथा पुण्य लाभ प्राप्त करने की अपील की है।
