प्रिज्म प्राइवेट आईटीआई का दीक्षांत समारोह संपन्न, अंकसूची एवं उपाधियाँ पाकर खिले विद्यार्थियों के चेहरे

उतई। प्रिज्म प्राइवेट आईटीआई, महकाखुर्द, उतई में 25 नवंबर 2 को दीक्षांत समारोह का आयोजन किया गया। इस अवसर पर संस्थान के विद्यार्थियों को उनकी शैक्षणिक एवं व्यावसायिक उपलब्धियों के लिए अंकसूची एवं उपाधियों का वितरण किया गया।

कार्यक्रम में मुख्य अतिथि आशीष हंसा प्रशिक्षण अधिकारी आईटीआई राजनांदगांव तथा विशिष्ट अतिथि जगमोहन सिन्हा हिंदी स्टेनो पुस्तक के लेखक के रूप में उपस्थित रहे।

कार्यक्रम का शुभारंभ अतिथियों के स्वागत एवं सम्मान के साथ हुआ। इस अवसर पर प्राचार्य ललित कुमार साहू ने स्वागत उद्बोधन प्रस्तुत करते हुए सभी अतिथियों का अभिनंदन किया। उन्होंने कहा कि दीक्षांत समारोह विद्यार्थियों की मेहनत, अनुशासन, समर्पण एवं शैक्षणिक यात्रा का महत्वपूर्ण पड़ाव है। उन्होंने विद्यार्थियों को अपने तकनीकी ज्ञान एवं कौशल के बल पर भविष्य में सफलता प्राप्त करने के लिए प्रेरित किया।

मुख्य अतिथि आशीष हंसा ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि वर्तमान प्रतिस्पर्धात्मक युग में तकनीकी शिक्षा एवं व्यावहारिक कौशल का विशेष महत्व है। विद्यार्थियों को निरंतर सीखते हुए अपने कौशल को विकसित करना चाहिए।

विशिष्ट अतिथि जगमोहन सिन्हा ने शिक्षा, अनुशासन एवं निरंतर अध्ययन के महत्व पर प्रकाश डालते हुए विद्यार्थियों को आत्मविश्वास और सकारात्मक सोच के साथ आगे बढ़ने का संदेश दिया।

इस अवसर पर संस्थान प्रबंधन की ओर से चेयरमैन रूपेश गुप्ता निदेशक श्रीमती ख्याति साहू एवं निदेशक असीम साहू की उपस्थिति रही। सभी ने विद्यार्थियों के उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए उन्हें शुभकामनाएँ दीं।

कार्यक्रम का सफल एवं प्रभावशाली मंच संचालन, श्रीमती हतेश्वरी साहू द्वारा किया गया। समारोह में संस्थान के समस्त विभागाध्यक्षों, शिक्षकों एवं बड़ी संख्या में विद्यार्थियों की उत्साहपूर्ण उपस्थिति रही।

अंत में सभी अतिथियों, विभागाध्यक्षों, शिक्षकों एवं आयोजन में सहयोग प्रदान करने वाले सदस्यों के प्रति आभार व्यक्त किया गया। इस प्रकार प्रिज्म प्राइवेट आईटीआई का दीक्षांत समारोह उत्साह, गरिमा एवं उपलब्धियों के साथ सफलतापूर्वक संपन्न हुआ।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *