- हमारे गांव का बेटा अब समुद्र की लहरों पर भारत का तिरंगा लहराएगा-अशोक साहू
पाटन। ग्राम भनसूली के लिए आज का दिन ऐतिहासिक और गौरवशाली रहा। गांव के होनहार युवा यश कुमार साहू, पिता भानुप्रताप साहू, माता श्रीमती सरस्वती साहू ने अपनी मेहनत, लगन और देशभक्ति के बल पर भारतीय नौसेना में अग्निवीर SSR NAVY OFFICER के पद पर चयनित होकर पूरे गांव, परिवार और क्षेत्र का नाम रोशन किया है।
यश कुमार साहू ने अपनी 7 माह की कठिन प्रशिक्षण सफलतापूर्वक पूर्ण की। प्रशिक्षण पूर्ण कर आज जब वे अपने गांव भनसूली पहुंचे तो पूरे गांव में उत्साह, उमंग और देशभक्ति का माहौल देखने को मिला।
गांव आगमन पर पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष व वर्तमान विधायक प्रतिनिधि आदरणीय अशोक साहू सहित समस्त ग्रामवासियों, जनप्रतिनिधियों, बुजुर्गों, महिलाओं और युवाओं ने फूल-मालाओं से भव्य स्वागत एवं अभिनंदन किया। आतिशबाजी, गाजा-बाजा और ढोल-नगाड़ों की गूंज के साथ पूरे गांव में भ्रमण कराया गया। जगह-जगह ग्रामीणों ने पुष्पवर्षा कर अपने लाल का स्वागत किया।
इस अवसर पर पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष व विधायक प्रतिनिधि अशोक साहू जी ने कहा कि यश कुमार साहू ने साबित कर दिया है कि गांव का बेटा भी अगर ठान ले तो देश की सबसे प्रतिष्ठित सेवा भारतीय नौसेना तक पहुंच सकता है। यह सिर्फ एक परिवार की नहीं, पूरे भनसूली गांव की जीत है। यश ने 7 माह की कठिन ट्रेनिंग में जो अनुशासन, साहस और देशभक्ति दिखाई है, वह हमारे सभी युवाओं के लिए प्रेरणा का स्रोत है। हमें गर्व है कि हमारे गांव का बेटा अब समुद्र की लहरों पर भारत का तिरंगा लहराएगा।
अशोक साहू ने आगे कहा कि आज के युवा नशे और भटकाव से दूर रहकर अगर यश की तरह लक्ष्य बनाकर मेहनत करें तो वे भी सेना, पुलिस, प्रशासन और हर क्षेत्र में सफल हो सकते हैं। गांव के हर युवा को यश से प्रेरणा लेकर देश सेवा का संकल्प लेना चाहिए।
यश के पिता भानुप्रताप साहू और माता श्रीमती सरस्वती साहू का चेहरा आज गर्व से चमक रहा था। उन्होंने कहा कि बेटे की इस सफलता में गांव के बड़ों के आशीर्वाद, गुरुजनों का मार्गदर्शन और अशोक साहू जी जैसे जनप्रतिनिधियों का सहयोग रहा है।
कार्यक्रम में गांव के वरिष्ठ नागरिक, सरपंच, पंचगण, युवा मित्र मंडल, महिला समूह सहित सैकड़ों ग्रामीण उपस्थित रहे। सभी ने यश कुमार साहू को तिलक लगाकर, माला पहनाकर उज्ज्वल भविष्य और देश सेवा के लिए शुभकामनाएं दीं।
पूरे गांव ने एक स्वर में कहा – “भनसूली का बेटा, देश का गौरव – यश कुमार साहू जिंदाबाद”
अंत में अशोक साहू ने यश कुमार साहू को स्मृति चिन्ह शाल श्री फल भेंट कर सम्मानित किया और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
इस अवसर पर प्रमुख रूप से ग्राम विकास समिति अध्यक्ष हुलेश साहू उपाध्यक्ष नंद कुमार साहू शीतला समिति अध्यक्ष महावीर निर्मलकर, मिलन सेन , गिरवर तारक धीरेन्द्र साहू पंच चन्द्रकांत साहू ,पिता भानुप्रताप साहू, जुगल किशोर साहू सहित बड़ी संख्या में ग्रामवासी उपस्थित रहे।
