किसान हित में साय सरकार का बड़ा फैसला, बारिश से प्रभावित किसानों को मिलेगा धान बेचने का दोबारा अवसर- हर्षा लोकमनी

  • अन्नदाता की चिंता को समझना और संकट के समय उसके साथ खड़ा होना ही किसान हितैषी सरकार की पहचान है

पाटन। भाजपा जिला दुर्ग के उपाध्यक्ष श्रीमती हर्षा लोकमणि चंद्राकर ने कहा कि छत्तीसगढ़ की विष्णुदेव साय सरकार ने एक बार फिर साबित किया है कि प्रदेश की भाजपा सरकार किसानों के हितों के प्रति पूरी तरह संवेदनशील और प्रतिबद्ध है। असमय बारिश के कारण जिन किसानों का धान उपार्जन केंद्रों तक नहीं पहुंच पाया और निर्धारित तिथि पर वे अपनी उपज नहीं बेच सके, ऐसे किसानों को राहत देते हुए सरकार ने दोबारा टोकन जारी करने का महत्वपूर्ण निर्णय लिया है। यह फैसला केवल एक प्रशासनिक निर्णय नहीं, बल्कि प्रदेश के अन्नदाताओं की मेहनत, उनकी आर्थिक परिस्थितियों और उनकी परेशानियों के प्रति सरकार की संवेदनशीलता का प्रमाण है।

श्रीमती चंद्राकर ने बताया कि मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में सरकार ने यह स्पष्ट संदेश दिया है कि प्राकृतिक परिस्थितियों के कारण किसी किसान की मेहनत और उसकी उपज का नुकसान नहीं होने दिया जाएगा। किसानों को धान विक्रय का एक और अवसर उपलब्ध कराना निश्चित रूप से हजारों प्रभावित किसानों के लिए बड़ी राहत है। विशेष रूप से उल्लेखनीय है कि सरकार ने टोकन व्यवस्था के अंतर्गत दो बार टोकन निरस्त होने की स्थिति में एक अवसर कम होने का प्रावधान भी स्पष्ट किया है, ताकि व्यवस्था सुचारु और पारदर्शी बनी रहे।

श्रीमती चंद्राकर ने कहा कि कांग्रेस नेताओं को भी इस निर्णय का स्वागत करना चाहिए। किसानों की परेशानी पर केवल राजनीति करने से किसानों का भला नहीं होता। किसानों के संकट के समय समाधान प्रस्तुत करना और उन्हें राहत पहुंचाना ही वास्तविक जनसेवा है।

श्रीमती चंद्राकर ने बताया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की किसान कल्याण की गारंटी को आगे बढ़ाते हुए मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय की सरकार लगातार किसानों के हित में निर्णय ले रही है। हम मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय एवं छत्तीसगढ़ सरकार के इस किसान हितैषी निर्णय का हृदय से स्वागत एवं अभिनंदन करते हैं। साय सरकार का संकल्प स्पष्ट है कि किसान का सम्मान, किसान की मेहनत और किसान के हितों की रक्षा सर्वोपरि है। अन्नदाता खुशहाल होगा, तभी छत्तीसगढ़ समृद्ध और खुशहाल होगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *