- तकनीक, शिक्षा, स्वास्थ्य, प्रबंधन और कौशल विकास पर देश भर के विशेषज्ञों ने साझा किए विचार
दुर्ग। भविष्य की चुनौतियों, तकनीकी नवाचारों और शिक्षा के बदलते स्वरूप पर व्यापक विमर्श के उद्देश्य से प्रिज्म ग्रुप ऑफ इंस्टीट्यूशंस, महकाखुर्द, उतई में 18 से 21 नवंबर तक आयोजित चार दिवसीय राष्ट्रीय सेमिनार श्रृंखला ‘मंथन-2026’ सफलतापूर्वक संपन्न हुई। चार दिनों तक चले इस शैक्षणिक आयोजन में तकनीकी शिक्षा, फार्मेसी, प्रबंधन एवं शिक्षक शिक्षा के विभिन्न क्षेत्रों के विशेषज्ञों, शिक्षाविदों, शोधकर्ताओं, उद्योग प्रतिनिधियों और विद्यार्थियों ने सहभागिता करते हुए समकालीन विषयों पर सार्थक विचार-विमर्श किया।
सेमिनार श्रृंखला के अंतर्गत प्रत्येक विभाग ने अपने क्षेत्र की वर्तमान चुनौतियों एवं भविष्य की संभावनाओं को केंद्र में रखते हुए राष्ट्रीय स्तर के विमर्श का आयोजन किया।
18 नवंबर को प्रिज्म प्राइवेट आईटीआई द्वारा आयोजित सेमिनार में कृषि एवं उद्योग में स्मार्ट तकनीक और ऑटोमेशन, साइबर सुरक्षा, आधुनिक मशीनरी, रोबोटिक्स तथा डिजिटल तकनीक के उपयोग पर चर्चा हुई। ग्रामीण परिवेश में तकनीकी नवाचार, रोजगारपरक कौशल और स्वरोजगार की संभावनाओं को विशेष रूप से रेखांकित किया गया।
19 नवंबर को प्रिज्म कॉलेज ऑफ फार्मेसी में एंटीमाइक्रोबियल रेजिस्टेंस, संक्रमण नियंत्रण एवं रोगी सुरक्षा विषय पर विशेषज्ञों ने विचार साझा किए। एंटीबायोटिक दवाओं के विवेकपूर्ण उपयोग, फार्मासिस्ट की जिम्मेदारी, औषधि सुरक्षा, फार्माकोविजिलेंस और स्वास्थ्य सेवाओं में आधुनिक तकनीक की भूमिका पर महत्वपूर्ण चर्चा हुई।
20 नवंबर को प्रिज्म स्कूल ऑफ बिजनेस एंड एंटरप्रेन्योरशिप द्वारा आयोजित राष्ट्रीय सेमिनार में भविष्य के प्रबंधन, डिजिटल परिवर्तन, वित्तीय नवाचार, उद्यमिता, आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस आधारित मार्केटिंग, मानव संसाधन विकास तथा सतत व्यावसायिक विकास जैसे विषयों पर पैनल चर्चाएं हुईं। विशेषज्ञों ने बदलते उद्योग जगत की आवश्यकताओं के अनुरूप नेतृत्व क्षमता, व्यावसायिक दक्षता एवं नवाचार आधारित सोच विकसित करने पर जोर दिया।
21 नवंबर को प्रिज्म स्कूल ऑफ एजुकेशन एवं प्रिज्म पब्लिक स्कूल के संयुक्त तत्वावधान में शिक्षा के बदलते स्वरूप पर राष्ट्रीय सेमिनार आयोजित किया गया। इसमें नई शिक्षा नीति-2020, डिजिटल एवं एआई आधारित शिक्षण, शिक्षक की बदलती भूमिका, विद्यार्थी व्यवहार, मानसिक स्वास्थ्य, जीवन कौशल, मूल्य आधारित एवं समावेशी शिक्षा जैसे विषयों पर गहन चर्चा हुई। वक्ताओं ने कहा कि भविष्य की शिक्षा विद्यार्थियों को केवल अकादमिक ज्ञान ही नहीं, बल्कि रचनात्मकता, आलोचनात्मक चिंतन, नैतिकता और जीवन की चुनौतियों से निपटने की क्षमता भी प्रदान करे।
चारों दिनों में विशेषज्ञ व्याख्यान, पैनल डिस्कशन, शोध पत्र प्रस्तुतियां, प्रश्नोत्तर सत्र एवं विद्यार्थियों की सहभागिता ने आयोजन को संवादपरक और ज्ञानवर्धक बनाया। प्रतिभागियों को विभिन्न क्षेत्रों के विशेषज्ञों से सीधे संवाद करने तथा अपने अकादमिक ज्ञान को व्यावहारिक अनुभवों से जोड़ने का अवसर प्राप्त हुआ।
प्रिज्म ग्रुप ऑफ इंस्टीट्यूशंस के संस्थापक एवं अध्यक्ष रुपेश कुमार गुप्ता के मार्गदर्शन तथा निदेशक ख्याति साहू एवं असीम साहू के नेतृत्व में आयोजित इस कार्यक्रम ने संस्थान की गुणवत्तापूर्ण शिक्षा, शोध, नवाचार एवं विद्यार्थियों के समग्र विकास के प्रति प्रतिबद्धता को प्रदर्शित किया।
चार दिवसीय ‘मंथन-2026’ ने यह संदेश दिया कि बदलते समय में शैक्षणिक संस्थानों की भूमिका केवल शिक्षा प्रदान करने तक सीमित नहीं है, बल्कि विद्यार्थियों को तकनीकी रूप से सक्षम, रोजगारपरक, जिम्मेदार और भविष्य के लिए तैयार नागरिक बनाना भी है। विभिन्न विषयों के विशेषज्ञों के विचारों और अनुभवों से समृद्ध यह आयोजन शिक्षा एवं उद्योग के बीच संवाद और सहयोग को मजबूत करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल साबित हुआ।
सभी विभागों, आयोजन समितियों, प्राचार्यों, शिक्षकों, विशेषज्ञों एवं विद्यार्थियों के सहयोग से यह राष्ट्रीय सेमिनार श्रृंखला सफलतापूर्वक संपन्न हुई।
